जान जाने के बाद डिवाइडर को किया लॉक
Gargachary Times
20 April 2026, 20:06
113 views
Mathura
फरह। (मथुरा) मथुरा-आगरा एनएच-19 पर सफर अब जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है। हाइवे अथॉरिटी की घोर लापरवाही और पुलिस की अनदेखी के चलते यह हाइवे 'मौत का हाइवे' बन गया है। न फुटपाथ सुरक्षित हैं, न ब्लैक स्पॉट पर चेतावनी बोर्ड लगे हैं, न रिफ्लेक्टर और न स्पीड लिमिट के निशान। नतीजा, पिछले 5 दिन में 4 बड़े हादसों में 5 लोगों की जान चली गई और 7 लोग घायल होकर अस्पतालों में जिंदगी-मौत से जूझ रहे हैं।
5 दिन, 4 हादसे, 5 मौतें:
1. रॉन्ग साइड बाइक की टक्कर, एक की मौत रविवार रात करीब 10:30 बजे मथुरा की ओर से बाइक पर कल्लू, रंजीत निवासी बाबूगढ़ और श्याम सिंह निवासी वृंदावन आ रहे थे। फरह की तरफ से रॉन्ग साइड आई बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में रंजीत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कल्लू और श्याम सिंह गंभीर घायल हो गए। दोनों का सीएचसी फरह में इलाज चल रहा है।
2. बस ने ट्रैक्टर को मारी टक्कर, किसान की मौत रविवार रात करीब 10:15 बजे ग्राम बेरी निवासी किसान भगत सिंह ट्रैक्टर-ट्रॉली में गेहूं लेकर घर लौट रहे थे। महुअन टोल के पास पीछे से आई ईदगाह डिपो की तेज रफ्तार बस ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। सिर में गंभीर चोट लगने से भगत सिंह की सीएचसी में इलाज के दौरान मौत हो गई।
3. बाइक रेस में टकराए,1 की मौत-4 घायल शुक्रवार रात करीब 2:30 बजे आगरा निवासी शिवम (19) और राया निवासी राशिद (22) के बीच बाइक रेस की शर्त लगी। मथुरा से आगरा जाते समय रैपुरा जाट फ्लाईओवर पर दोनों की बाइकें आपस में टकरा गईं। हादसे में पांचों युवक घायल हो गए। शिवम को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि चार गंभीर घायलों को एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा रेफर किया गया।
4. डंपर ने रौंदा, मजदूर की मौत बुधवार रात 10:45 बजे लेदर फैक्ट्री से साइकिल से घर लौट रहे फरह निवासी मजदूर प्रमोद भारती और आसिफ को हिंदुस्तान कॉलेज के सामने रॉन्ग साइड से आए मिट्टी भरे तेज रफ्तार डंपर ने कुचल दिया। प्रमोद की मौके पर मौत हो गई, आसिफ गंभीर हालत में आगरा के निजी अस्पताल में भर्ती है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि एनएचएआई और पुलिस सिर्फ हादसे के बाद खानापूर्ति करने पहुंचती है। सवाल यही है कि आखिर यह हाइवे कब तक लोगों की जान लेता रहेगा?