राजीव एकेडमी और कोडस्क्वाड्ज़ एज्यूकेशन के बीच हुआ समझौता, छात्र-छात्राओं को इंडस्ट्री ओरिएंटेड प्रशिक्षण और रिसर्च में मिलेगी मदद
Gargachary Times
21 April 2026, 20:18
116 views
Eduction
मथुरा। छात्र-छात्राओं के कौशल विकास, प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजीव एकेडमी फॉर टेक्नोलॉजी एण्ड मैनेजमेंट तथा कोडस्क्वाड्ज एज्यूकेशन प्राइवेट लिमिटेड के बीच दो साल के लिए एक समझौता हुआ है। समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर दोनों संस्थानों के प्रमुखों डॉ. अमर कुमार सक्सेना और मनीष राणा ने किए।
राजीव एकेडमी फॉर टेक्नालॉजी एण्ड मैनेजमेंट तथा कोडस्क्वाड्ज एज्यूकेशन प्रा.लि. के पदाधिकारियों ने इस अनुबंध को समसामयिक बताते हुए कहा कि इससे छात्र-छात्राओं के कौशल विकास, इंडस्ट्री ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। दोनों संस्थाओं ने विश्वास व्यक्त किया कि यह सहयोग विद्यार्थियों के कौशल विकास और उनके करियर को नई दिशा प्रदान करेगा। इस समझौते के तहत दोनों संस्थान मिलकर स्किल-बेस्ड ट्रेनिंग, एज्यूकेशन और रिसर्च के क्षेत्र में कार्य करेंगे।
कोडस्क्वाड्ज़ एज्यूकेशन छात्र-छात्राओं को आधुनिक आईटी तकनीकों जैसे जावा, मर्न-स्टैक, क्लाउड कम्प्यूटिंग, डिजिटल मार्केटिंग, पाइथन एवं एआई/एमएल में प्रशिक्षण प्रदान करेगा। एमओयू के प्रमुख बिंदुओं में पाठ्यक्रम विकास, इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग एवं विजिट, इंटर्नशिप एवं प्लेसमेंट, शोध एवं विकास, गेस्ट लेक्चर तथा फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम शामिल हैं। इसके माध्यम से छात्र-छात्राओं को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया जाएगा, ताकि उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।
राजीव एकेडमी के निदेशक डॉ. अमर कुमार सक्सेना ने कहा कि इस प्रकार के समझौते छात्र-छात्राओं के भविष्य को नई दिशा देने में सहायक सिद्ध होंगे तथा उन्हें उद्योग के अनुरूप कौशल प्रदान करेंगे। डॉ. सक्सेना ने कहा कि राजीव एकेडमी का लक्ष्य एक ऐसा सशक्त इकोसिस्टम तैयार करना है, जहां शिक्षा, कौशल और अवसर एक साथ मिलकर युवाओं को आगे बढ़ने का सही मंच प्रदान करें। इस एमओयू में आरएटीएम की तरफ से साक्ष्य के रूप में डॉ. विकास जैन, हेड कारपोरेट रिसोर्स तथा कोडस्क्वाड्ज़ एज्यूकेशन की ओर से मनीष राणा उपस्थित रहे।
आर.के. एज्यूकेशनल ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. रामकिशोर अग्रवाल, उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल तथा प्रबंध निदेशक मनोज अग्रवाल ने राजीव एकेडमी और कोडस्क्वाड्ज़ एज्यूकेशन के बीच हुए समझौते की प्रशंसा करते हुए इसे छात्र-छात्राओं के करियर निर्माण के लिए उपयोगी बताया। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि परस्पर सहयोग से छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण तथा बेहतर प्लेसमेंट के अवसर दिए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि राजीव एकेडमी का उद्देश्य युवाओं को केवल किताबों तक सीमित न रखते हुए उन्हें प्रैक्टिकल अनुभव, इंडस्ट्री एक्सपोज़र और उद्यमशीलता की सोच के साथ सशक्त बनाना है।