Loading...

ओल में बिजली चोरी पकड़ने गई टीम पर हमला, दस्तावेज फाड़े, कर्मियों से मारपीट, आरोपी पहले भी कर चुके हैं हमला

Gargachary Times 21 April 2026, 20:28 94 views
Mathura
फरह: थाना फरह क्षेत्र के ओल गांव में बिजली विभाग की टीम पर हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बिजली चोरी रोकने के लिए अभियान के तहत चेकिंग करने पहुंची टीम पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। आरोपियों ने संविदा कर्मियों के साथ हाथापाई, गाली-गलौज की और सरकारी दस्तावेज फाड़ डाले। जान बचाकर भागे कर्मचारियों ने अधिकारियों को सूचना दी। पीड़ित कर्मचारी ने बताया कि स्टाफ के साथ गांव में बिजली चोरी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान जाकिर पुत्र अल्हादीन, साकिर पुत्र जाकिर और उसका भतीजा भुजाद आ गए। तीनों ने संविदा कर्मी दशरथ और यदुवीर के साथ अचानक हाथापाई और गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोपियों ने विभाग के जरूरी दस्तावेज भी छीनकर फाड़ दिए। हालात बिगड़ते देख टीम के सदस्य किसी तरह वहां से दौड़कर अपनी जान बचा पाए। चौंकाने वाली बात यह है कि यही आरोपी साल 2023 में भी बिजली कर्मचारियों पर हमला कर चुके हैं। उस मामले में मुकदमा दर्ज हुआ था और केस अभी कोर्ट में विचाराधीन है। इसके बावजूद आरोपियों के हौसले बुलंद हैं और दोबारा टीम पर हमला कर दिया। एसडीओ फरह देवेंद्र सिंह ने बताया कि घटना को लेकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर तैयार कर थाने में दी जा रही है। सरकारी कार्य में बाधा और मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। वहीं थाना प्रभारी छोटे लाल ने कहा कि अभी तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। लगातार हो रहे हमलों से बिजली कर्मचारियों में दहशत है। कर्मचारियों ने सुरक्षा की मांग की है।
Follow Samachar24