Loading...

पृथ्वी दिवस पर पावरपॉइंट प्रस्तुति प्रतियोगिता का सफल आयोजन

Gargachary Times 21 April 2026, 20:41 79 views
Mathura
पृथ्वी दिवस पर पावरपॉइंट प्रस्तुति प्रतियोगिता का सफल आयोजन
मथुरा। पृथ्वी दिवस के पावन अवसर पर पार्वती राधाकिशन फोमरा विद्यालय (बिरला स्कूल) में पावरपॉइंट प्रस्तुति प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में मथुरा जनपद के 10 विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति संवर्धन से जुड़े विविध समसामयिक विषयों पर प्रभावशाली प्रस्तुतियाँ दीं। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पार्वती राधाकिशन फोमरा विद्यालय (बिरला स्कूल) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान कान्हा माखन पब्लिक स्कूल को प्राप्त हुआ, जबकि तृतीय स्थान राजीव इंटरनेशनल स्कूल ने अर्जित किया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन डॉ. दिलीप कुमार एवं डॉ. वर्षा गुप्ता (एसोसिएट प्रोफेसर, वेटरिनरी यूनिवर्सिटी) द्वारा निष्पक्ष एवं सूक्ष्मता के साथ किया गया। निर्णायकों ने विद्यार्थियों की सृजनात्मकता, विषय-वस्तु की गहराई तथा प्रस्तुतीकरण कौशल की सराहना करते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री कुलभूषण जद एवं संरक्षिका महोदया पीहू चक्रवर्ती ने सभी प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रदान कीं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दायित्व नहीं, अपितु हमारा नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रकृति के संरक्षण हेतु सतत जागरूक रहने तथा अपने दैनिक जीवन में सकारात्मक कदम उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन उत्साह, उमंग एवं प्रेरणा के वातावरण में हुआ, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए पृथ्वी को सुरक्षित एवं स्वच्छ बनाए रखने का दृढ़ निश्चय व्यक्त किया। साथ ही, विद्यालय परिवार ने पृथ्वी दिवस के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण कर पृथ्वी को हरा-भरा बनाए रखने का सार्थक प्रयास किया।
Follow Samachar24