गौमाता के सम्मान में 27 अप्रैल को सौंपा जाएगा ज्ञापन, एसडीएम को सौंपा अनुमति पत्र
Gargachary Times
23 April 2026, 20:33
78 views
Dholpur
27 अप्रैल को आयोजित होने वाले राष्ट्रव्यापी गौ सम्मान आवाह्न अभियान के तहत प्रस्तावित ज्ञापन कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं ने उपखंड अधिकारी सुशीला मीणा से मुलाकात कर अनुमति पत्र सौंपा। गौ सेवक योगेंद्र सिंह राघव, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सक्रिय कार्यकर्ता कुश राठौर एवं स्कंध वशिष्ठ ने उपखंड अधिकारी को अभियान की रूपरेखा से अवगत कराते हुए कार्यक्रम के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन हेतु प्रशासनिक सहयोग का आग्रह किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने तथा गौ हत्या बंद करने की मांग को लेकर देशभर में चलाए जा रहे अभियान की जानकारी भी दी। कार्यकर्ताओं ने बताया कि 27 अप्रैल को सर्व समाज एवं गौ भक्तों की सहभागिता से उपखंड मुख्यालय पर ज्ञापन सौंपा जाएगा। जिसे उपखंड अधिकारी के माध्यम से राज्यपाल, मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री एवं राष्ट्रपति के नाम प्रेषित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 27 अप्रैल को सुबह 9 बजे बिचौला रोड स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर से शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक यात्रा निकाली जाएगी। जो पुलिस चौकी राजाखेड़ा से होते हुए मुख्य बाजार मार्ग से गुजरते हुए उपखंड कार्यालय पहुंचेगी, जहां उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। प्रतिनिधिमंडल ने अभियान को सामाजिक जागरूकता एवं सांस्कृतिक जनभागीदारी से जुड़ा जनआंदोलन बताते हुए सभी गौ भक्तों, सनातन धर्म प्रेमियों एवं नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। इस दौरान जगदीश बैरागी, रंजीत, सियाराम तौमर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।