Loading...

जन आधार में फर्जी दस्तावेज लगाने पर ई-मित्र कियोस्क ब्लैकलिस्ट

Gargachary Times 23 April 2026, 20:34 93 views
Dholpur
राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजना ’जन आधार’ में फर्जी दस्तावेज लगाकर धोखाधड़ी करने के एक गंभीर मामले में सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए एक ई-मित्र कियोस्क को तुरंत प्रभाव से ब्लैकलिस्ट कर दिया है। सूचना प्रौद्यौगिकी और संचार विभाग के संयुक्त निदेशक ने बताया कि गणेश कोटिया ई मित्र संचालक द्वारा जन आधार से नाम हटाने के लिए एक एडिट किया हुआ (कूट रचित) विवाह प्रमाण पत्र अपलोड किया गया था। विभागीय जांच में इस धोखाधड़ी और दस्तावेजों से छेड़छाड़ की पुष्टि होने के बाद, राज्य सरकार द्वारा जारी आर.एफ.पी के अनुसार त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम मलोनी पंवार, तहसील सैंपऊ, जिला धौलपुर स्थित संबंधित ई-मित्र कियोस्क की आईडी को तत्काल प्रभाव से निरस्त ब्लैक लिस्ट कर दिया गया है। सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग धौलपुर ने सभी ई-मित्र संचालकों को सख्त चेतावनी दी है कि वे दस्तावेजों की मूल प्रति जांचे बिना उन्हें अपलोड न करें। भविष्य में दस्तावेजों में हेराफेरी या धोखाधड़ी पाए जाने पर ई-मित्र कियोस्क पर कड़ी कार्यवाही अमल में जाई जावेगी। विभाग ने आमजन से भी केवल वैध दस्तावेजों का ही उपयोग करने की अपील की है।
Follow Samachar24