जचौदा में 40 साल से बसे परिवारों पर बेघर होने का खतरा, जमीन विवाद ने पकड़ा तूल
Gargachary Times
23 April 2026, 20:34
119 views
Mathura
मथुरा। मथुरा की सदर तहसील के गांव जचौदा में पिछले 40 वर्षों से रह रहे दर्जनों परिवारों पर अब बेघर होने का खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, मथुरा निवासी ऋषि यादव पुत्र दिनेश यादव ने उस जमीन पर अपना दावा जताया है, जिसे करीब 40 वर्ष पहले इन परिवारों ने खरीदा था।
ग्रामीणों का कहना है कि उनके पास जमीन खरीद से जुड़े सभी वैध दस्तावेज मौजूद हैं। इसके बावजूद ऋषि यादव की खतौनी में आज भी उक्त जमीन उसके नाम दर्ज है, जिसका फायदा उठाकर वह जमीन पर अपना अधिकार जता रहा है। आरोप है कि उसने इस जमीन के आधार पर बैंक से लोन भी ले लिया है।
पीड़ित परिवारों का कहना है कि उन्होंने इस मामले को लेकर कई बार तहसील और अन्य उच्च अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी बीच, बुधवार को ऋषि यादव प्रशासन और पुलिस के साथ मौके पर पहुंचा और कथित रूप से लोगों को बेघर करने की धमकी दी।
बताया जा रहा है कि सदर तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे, लेकिन ग्रामीणों की भीड़ और विरोध को देखते हुए बिना कार्रवाई किए लौट गए।
इस पूरे मामले को लेकर चंदन सिंह, भगत सिंह, राजू, दिनेश, रमेश, भगवान सिंह, हाकिम, मानवेन्द्र, सौदान सिंह और गोपी सहित अन्य ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से अपने सिर पर छत बचाने की गुहार लगाई है।