तमन्ना ने हाईस्कूल में 93.33% अंक लाकर जिले में पाया 8वां स्थान, IAS बनकर करना चाहती हैं समाज सेवा
Gargachary Times
23 April 2026, 20:36
200 views
Mathura
फरह। बेटियों की मेहनत और हौसले ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सपने संसाधनों के मोहताज नहीं होते। गांव की होनहार बेटी तमन्ना पुत्री मोहन सिंह ने हाईस्कूल परीक्षा में 93.33 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में 8वां स्थान प्राप्त किया है। तमन्ना की इस उपलब्धि से पूरे गांव में जश्न का माहौल है।
तमन्ना के पिता मोहन सिंह बालाजी फैक्टरी में मजदूरी करते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी एक बेटी तमन्ना और एक बेटा है। "बेटी रोज 8 से 10 घंटे पढ़ाई करती थी। तंगी के बावजूद हमने बच्चों की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी," मोहन सिंह ने कहा। तमन्ना की मां गृहिणी हैं और घर का काम संभालती हैं।
तमन्ना ने बताया कि वह रोजाना टाइम-टेबल बनाकर पढ़ती थी और मोबाइल से दूरी बनाकर रखी। उसने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को दिया। तमन्ना ने कहा, "मैं आगे चलकर आईएएस बनकर समाज की सेवा करना चाहती हूं। गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए काम करना मेरा सपना है।"
स्कूल के प्रधानाचार्य ने तमन्ना अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा है। गांव के लोगों ने तमन्ना के घर पहुंचकर मिठाई बांटी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। तमन्ना की इस कामयाबी ने साबित कर दिया कि मेहनत और लगन से हर मुकाम हासिल किया जा सकता है।