Loading...

पिता की हत्या का आरोपी बेटा मुठभेड़ में गिरफ्तार, जमीनी विवाद में हत्या, पुलिस फायरिंग में पैर में लगी गोली

Gargachary Times 23 April 2026, 20:43 89 views
Firozabad
पिता की हत्या का आरोपी बेटा मुठभेड़ में गिरफ्तार, जमीनी विवाद में हत्या, पुलिस फायरिंग में पैर में लगी गोली
फिरोजाबाद। शिकोबाद पुलिस ने अपने पिता की हत्या के आरोपी बेटे को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह कार्रवाई जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी जर्मन सिंह पुत्र सुघर सिंह निवासी बढ़ाईपुरा, थाना नसीरपुर को नगला जवाहर नहर की पुलिया के पास घेराबंदी कर पकड़ा गया। गिरफ्तारी के दौरान जर्मन सिंह ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिससे आरोपी घायल हो गया। यह घटना 19/20 अप्रैल की रात की है। नगला सुंदर गांव में खेत पर बने मकान में सो रहे 80 वर्षीय बुजुर्ग सुघर सिंह की सिर पर भारी वस्तु से वार कर हत्या कर दी गई थी। मृतक के परिजनों की शिकायत पर थाना शिकोहाबाद में हत्या का मामला दर्ज किया गया था। जांच में पता चला कि मृतक का बेटा जर्मन सिंह ही हत्या का आरोपी है। एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी ने बताया कि नगला जवाहर पुलिया के पास घेराबंदी की गई। जब संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया गया, तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया और मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और हत्या में इस्तेमाल किया गया लोहे का सब्बल बरामद किया है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार के नेतृत्व में शिकोहाबाद पुलिस टीम और सर्विलांस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Follow Samachar24