मोहम्मदाबाद की 6 एकड़ के क्षेत्र में फैली झील बनेगी इको टूरिज्म का नया केंद्र, जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी के साथ किया निरीक्षण
Gargachary Times
24 April 2026, 20:52
132 views
Firozabad
जनपद फिरोजाबाद / विकासखंड टूंडला के ग्राम पंचायत मोहम्मदाबाद में प्रकृति और विकास के संगम की नई रूपरेखा तैयार की जा रही है, जिलाधिकारी रमेश रंजन ने मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य के साथ ग्राम पंचायत मोहम्मदाबाद में करीब 6 एकड़ क्षेत्र में फैली झील/ तालाब का विस्तृत निरीक्षण किया गया, इस क्षेत्र को इको टूरिज्म के रूप में विकसित करने के लिए संबंधित विभागों को महत्त्वपूर्ण दिशा निर्देश जिलाधिकारी ने दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी को अवगत कराया गया कि मोहम्मदबाद की यह झील प्राकृतिक सुंदरता से परिपूर्ण है यहां अक्सर 13 विभिन्न प्रजातियों के पक्षी आते हैं, जो इस क्षेत्र के आकर्षण का मुख्य केंद्र हैं, पूर्व में लघु सिंचाई विभाग द्वारा यहां तालाब विकसित किए गए थे, लेकिन अब शासन की मंशा के अनुरूप इसे एक पर्यटन स्थल के रूप में बड़े स्तर पर संबारा जाएगा।
जिलाधिकारी ने पर्यटन विभाग, वन विभाग, लघु सिंचाई विभाग, और ग्राम विकास विभाग को निर्देशित किया है कि वह आपसी समन्वय बनाकर इस क्षेत्र को ईको टूरिज्म हब के रूप में विकसित करने की कार्य योजना तैयार करें, वर्तमान में तहसील की टीम द्वारा झील क्षेत्र की पैमाइश का कार्य निरंतर किया जा रहा है, ताकि विकास कार्यों में कोई बाधा न आए।
इस झील के सौंदर्यीकरण और इको टूरिज्म के रूप में विकसित होने से जिले को बहुआयामी लाभ प्राप्त होंगे।
1-झील के पुनरोद्धार से यहां के जलस्तर में सुधार होगा।
2-स्थानीय निवासियों और आसपास के ग्रामीणों को स्वरोजगार व पर्यटन से जुड़े कार्यों में प्राथमिकता मिलेगी।
3-पर्यटन गतिविधियों से ग्राम पंचायत की आय में वृद्धि होगी।
4-शासन की नीति के अनुसार मनुष्य और प्रकृति के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए इस प्राकृतिक विरासत का संरक्षण किया जाएगा।
हाईवे से झील तक पहुंच मार्ग को दुरुस्त करने के निर्देश जिलाधिकारी ने दिए, साथ ही उन्होंने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि झीलों की स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखने के लिए इसमें गिरने वाले नालों के प्रवाह को तत्काल बंद किया जाए, जिससे झील का पानी गंदा न हो, झील के चारों ओर सघन वृक्षारोपण करने के निर्देश भी जिलाधिकारी ने दिए, ताकि यहां आने वाले पर्यटकों को बेहतर वातावरण मिल सके, इस निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी टूंडला अंकित वर्मा, प्रभागीय वनाधिकारी भागेंद्र कुमार, खंड विकास अधिकारी प्रभात रंजन,उपस्थित रहे