लखनऊ गए व्यापारी के सूने घर में लाखों की चोरी, ताले तोड़कर ले गए सोना-चांदी और LED टीवी
Gargachary Times
25 April 2026, 19:00
108 views
Mathura
फरह।थाना फरह क्षेत्र के गांव रैपुरा जाट स्थित नंदिनी कॉलोनी में चोरों ने एक व्यापारी के सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और सामान पर हाथ साफ कर दिया। मकान मालिक परिवार सहित लखनऊ में शादी समारोह में गया था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार, गौरव अग्रवाल पुत्र स्व. अशोक अग्रवाल निवासी नंदिनी कॉलोनी, रैपुरा जाट, 19 अप्रैल को पत्नी शिल्पी अग्रवाल व पुत्री भूमि के साथ लखनऊ में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। 21 अप्रैल की शाम जब वह वापस लौटे तो घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। मेन गेट सहित घर के सभी कमरों के ताले टूटे हुए थे और अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा था।
गौरव अग्रवाल ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की। पीड़ित ने बताया कि चोर घर से दो एलईडी टीवी, करीब 45 ग्राम सोने के आभूषण, 100 ग्राम चांदी के जेवर और 7 से 8 महंगे पेन चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
थाना प्रभारी छोटे लाल ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। कॉलोनी में लगे कैमरों और मुख्य मार्गों के फुटेज से चोरों का सुराग लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना के बाद से कॉलोनी के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और चोरों को जल्द पकड़ने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।