Loading...

हाइवे पर कहर हरियाणा रोडवेज बस ने टेम्पो को मारी टक्कर,11 घायल

Gargachary Times 25 April 2026, 19:44 76 views
Mathura
हाइवे पर कहर हरियाणा रोडवेज बस ने टेम्पो को मारी टक्कर,11 घायल
फरह। आगरा-मथुरा एनएच-19 पर बुधवार को रफ्तार का कहर देखने को मिला। बरारी गांव के पास हरियाणा रोडवेज की तेज रफ्तार बस ने सवारियों से खचाखच भरे टेम्पो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बस-टेम्पो चालक समेत 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेम्पो पलटकर सड़क पर कई मीटर तक घिसटता चला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फरह की तरफ जा रहे तिपहिया टेम्पो में क्षमता से चार गुना ज्यादा सवारियां ठूंसी हुई थीं। तीन सीट वाले टेम्पो में एक दर्जन से अधिक लोग सवार थे। इसी दौरान पीछे से आई हरियाणा रोडवेज की बस ने ओवरटेक के चक्कर में टेम्पो को टक्कर मार दी। टेम्पो पलटते ही चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद हाइवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और जाम की स्थिति बन गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बस और टेम्पो में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को एंबुलेंस से फरह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही उप जिलाधिकारी आदेश कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, क्षेत्राधिकारी अनिल कपरवान व थाना प्रभारी फरह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने क्रेन मंगवाकर दुर्घटनाग्रस्त बस व टेम्पो को हाइवे से हटवाया, जिसके बाद करीब एक घंटे बाद यातायात सुचारू हो सका। हादसे में घायल हुए लोगों में बस चालक बृजपाल, टेम्पो चालक पवन, अंकुश निवासी लक्ष्मीनगर, संजीव निवासी आगरा, श्यामबाबू निवासी एत्मादपुर, विजय निवासी एत्मादपुर, गुड्डी निवासी जलेसर, हरिसिंह निवासी गढ़ाया, रामसिंह निवासी गढ़ाया और प्रहलाद निवासी फतिया शामिल हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हाइवे पर तीन सीट वाले तिपहिया टेम्पो में 12-15 सवारियां बैठाकर खुलेआम मौत का खेल चल रहा है। परिवहन विभाग और पुलिस की अनदेखी के कारण ओवरलोडिंग पर कोई रोक नहीं है। हर दिन सैकड़ों टेम्पो ओवरलोड होकर हाइवे पर दौड़ रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे। थाना प्रभारी ने बताया अभी कोई प्रार्थना पत्र नहीं मिला है प्रार्थना पत्र मिलते ही जांच कर कार्रवाई की जाएगी घायलों का इलाज जारी है। लोगों ने प्रशासन से ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई और हाइवे पर नियमित चेकिंग की मांग की है।
Follow Samachar24