पार्वती नदी में नहाने गए 3 मासूमों की डूबने से मौत, ग्रामीणों ने बचाई 5 बच्चों की जान
Gargachary Times
26 April 2026, 19:56
97 views
Dholpur
मनियां थाना क्षेत्र स्थित गढ़ाइच गांव में आज दोपहर एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है। भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए पार्वती नदी में नहाने गए 8 बच्चों में से 3 की पानी में डूबने से मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब रविवार की छुट्टी होने के कारण गांव के बच्चे समूह बनाकर नदी पर गए थे, लेकिन नहाते समय वे अचानक गहरे पानी की चपेट में आ गए।
नदी के पास ही भैंस चरा रहे सौरभ पुत्र रघुवीर ने जब बच्चों को डूबते देखा, तो उसने बिना समय गंवाए शोर मचाते हुए ग्रामीणों को बुलाया और पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए नदी में छलांग लगाई और डूब रहे 5 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। हालांकि, तीन बच्चे गहरे पानी में काफी अंदर चले गए थे।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से तीनों बच्चों को बाहर निकालकर तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सोनम पुत्री रघुवीर, निशु पुत्री भूरी सिंह और भूरा पुत्र रामबरन कुशवाह को मृत घोषित कर दिया। ये तीनों बच्चे गांव के ही राजकीय स्कूल में पढ़ते थे।
इस घटना के बाद पूरे गढ़ाइच गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मनियां थाना प्रभारी नीरज शर्मा ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर मौजूद है और मामले की जांच की जा रही है। नदी किनारे बिखरे पड़े बच्चों के कपड़े और अस्पताल के बाहर उमड़ी भीड़ इस दर्दनाक मंजर की गवाही दे रही थी।