Loading...

शादी से पहले पिता की मौत, बंदरों के हमले में छत से गिरे अमर सिंह, वन विभाग की लापरवाही पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

Gargachary Times 26 April 2026, 19:59 94 views
Mathura
शादी से पहले पिता की मौत, बंदरों के हमले में छत से गिरे अमर सिंह, वन विभाग की लापरवाही पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
फरह। थाना फरह के पिंगरी गांव में बंदरों के आतंक ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बेटी की शादी की तैयारियों में जुटे पिता की बंदरों के हमले में दर्दनाक मौत हो गई। बेटी के पीले हाथ होने से पहले ही घर से पिता की अर्थी उठी तो पूरे गांव में मातम पसर गया। जानकारी के अनुसार, थाना फरह क्षेत्र के पिंगरी गांव निवासी अमर सिंह पुत्र श्यामलाल बुधवार सुबह करीब 8 बजे घर की छत पर गेहूं सुखाने गए थे। 10 मई को बेटी पूजा की शादी है, जिसकी दावत के लिए गेहूं सुखाया जा रहा था। इसी दौरान बंदरों के झुंड ने अमर सिंह को चारों तरफ से घेर लिया और हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से अमर सिंह घबरा गए और अपना संतुलन खो बैठे। वह छत से सीधे नीचे गिर गए। सिर में गंभीर चोट लगने से वह लहूलुहान हो गए। चीख-पुकार सुनकर परिजन दौड़े और तुरंत निजी वाहन से फरह के अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पत्नी और बेटी पूजा का रो-रोकर बुरा हाल है। पूजा का कहना है, "पापा मेरी शादी की हर तैयारी खुद कर रहे थे। अब मुझे कौन विदा करेगा?" ग्रामीणों का गुस्सा वन विभाग पर फूट पड़ा। लोगों का आरोप है कि पिछले 6 महीने से गांव में बंदरों का आतंक है। खेत, घर, छत कहीं भी जाना मुश्किल हो गया है। कई बार बच्चों और बुजुर्गों पर हमले हो चुके हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही का केस दर्ज करने और पीड़ित परिवार को 10 लाख मुआवजा देने की मांग की है। थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Follow Samachar24