आरएसएस शताब्दी वर्ष: दीनदयाल धाम में बाल कुंभ का आयोजन, 12 स्कूलों के 250 छात्रों ने दिखाया दमखम
Gargachary Times
26 April 2026, 20:14
120 views
Mathura
फरह। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष कार्यक्रमों के अंतर्गत रविवार को दीनदयाल धाम फरह में भव्य बाल कुंभ का आयोजन किया गया। बच्चों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में 12 विद्यालयों के 250 से अधिक छात्रों ने दौड़ व कबड्डी में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। स्वयंसेवकों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कबड्डी मुकाबला रहा। फाइनल में श्री लल्लूराम पब्लिक स्कूल ने एसएस कॉन्वेंट स्कूल को 42-32 के अंतर से हराकर विजेता का खिताब जीता।
एथलेटिक्स में भी रोमांचक मुकाबले हुए। बाल वर्ग 100 मीटर दौड़ में आइडियल पब्लिक स्कूल के पुष्पेंद्र ने प्रथम, सरस्वती विद्या मंदिर के प्रियांशु ने द्वितीय और एसएस कॉन्वेंट के विशाल ने तृतीय स्थान हासिल किया। 200 मीटर दौड़ में नवीश प्रथम, पारस द्वितीय व कान्हा तृतीय रहे।
तरुण वर्ग 200 मीटर में सेठ प्रेम सुखदास भगत इंटर कॉलेज का दबदबा रहा। कान्हा ने पहला, विशाल ने दूसरा स्थान पाया। वहीं सरस्वती विद्या मंदिर के लव ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से वरिष्ठ प्रचारक संगमलाल जी, संघचालक फरह हरिओम पाठक जी, खण्ड प्रचारक कन्हैया जी, विस्तारक देव जी, खण्ड कार्यवाह सत्य प्रकाश जी, सह संपर्क प्रमुख देव अग्रवाल जी, राजकुमार जी, कृष्णा जी सहित कई गणमान्य स्वयंसेवक उपस्थित रहे। विजेता छात्रों को पुरस्कृत किया गया। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में अनुशासन, टीम भावना और राष्ट्रभक्ति का संचार करते हैं।