गोवर्धन में भारतीय किसान यूनियन (सुनील गुट) का धरना-प्रदर्शन, ओलावृष्टि प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा देने की मांग तेज
Gargachary Times
27 April 2026, 20:57
151 views
Mathura
डी डी शर्मा
गोवर्धन तहसील परिसर में भारतीय किसान यूनियन (सुनील गुट) के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में किसानों ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन हाल ही में हुई बारिश और ओलावृष्टि के कारण क्षेत्र के किसानों की फसलों को हुए भारी नुकसान और अब तक मुआवजा न मिलने के विरोध में किया गया।
धरने में शामिल किसानों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण उनकी तैयार फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं, जिससे उन्हें गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का आरोप था कि कई बार मांग उठाने के बावजूद अभी तक न तो प्रभावित क्षेत्रों का सही तरीके से सर्वे किया गया है और न ही मुआवजा वितरण की कोई ठोस कार्रवाई हुई है।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि जल्द से जल्द सभी प्रभावित गांवों का सर्वे कराकर वास्तविक नुकसान का आकलन किया जाए और पीड़ित किसानों को पारदर्शी तरीके से उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि वे अपनी आजीविका फिर से पटरी पर ला सकें।
धरने के दौरान किसानों ने यह भी चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को और व्यापक स्तर पर तेज किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस संबंध में एसडीएम गोवर्धन का कहना है कि ओलावृष्टि से हुए नुकसान की जानकारी संज्ञान में है। प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कराया जा रहा है और रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि नियमानुसार पात्र किसानों को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया जल्द ही आगे बढ़ाई जाएगी। इस मौके पर राष्ट्रीय महासचिव लक्ष्मण चौधरी जिला महासचिव जितेंद्र चौधरी डॉ राजवीर सिंह राजू मेंबर सिंहआदि मोजूद रहे।