Loading...

जिलाधिकारी ने जूम-मीटिंग के माध्यम जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित

Gargachary Times 27 April 2026, 21:00 101 views
Mainpuri
जिलाधिकारी ने जूम-मीटिंग के माध्यम जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित
मैनपुरी - जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने जूम-मीटिंग के माध्यम से जनपद के जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जन-सुनवाई पोर्टल पर प्राप्त कोई भी शिकायती प्रार्थना पत्र डिफाल्टर की श्रेणी में न आए, सभी शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापरक निस्तारण किया जाए। उन्होंने असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि अधिशासी अभियंता विद्युत के यहां 56, जिला पूर्ति अधिकारी के यहां 45, तहसीलदार भोगांव के यहां 44, तहसीलदार करहल के यहां 40, उप जिलाधिकारी भोगांव के यहां 37, उप निदेशक कृषि के यहां 26, तहसीलदार मैनपुरी के यहां 22, उप जिलाधिकारी किशनी के यहां 09 शिकायती प्रार्थना पत्र अगले 03-04 दिन में डिफाल्टर की श्रेणी में आयेंगे इसलिए संबंधित अधिकारी लंबित प्रार्थना पत्रों को अगले 02 दिन में प्रत्येक दशा में निस्तारित कर निस्तारण आख्या अपलोड करायें। उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि जनपद में खाद्यान्न वितरण को लेकर काफी शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि राशन वितरण में किसी भी स्तर पर कोताही न बरती जाए, प्रत्येक पात्र राशन कार्ड धारक को निर्धारित मात्रा में समय से खाद्यान्न उपलब्ध हो, खाद्यान्न वितरण में धांधली-घटतौली करने वाले कोटेदारों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की जाए, उप जिलाधिकारी नेतृत्व देकर अपने-अपने क्षेत्र में खाद्यान्न वितरण की स्थिति सुधारें, किसी भी दशा में खाद्यान्न वितरण को लेकर कोई शिकायत न मिले, सुनिश्चित किया जाए। श्री त्रिपाठी ने जिला खाद्य विपणन अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद में संचालित गेहूं क्रय केन्द्रों पर पर्याप्त मात्रा में बोरे, वेईंग मशीन के साथ आने वाले किसानों के पीने हेतु ठंडे पानी, छाया की व्यवस्था रहे। उन्होंने असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि अभी जनपद में गेहूं खरीद की स्थिति संतोषजनक नहीं है, सभी क्रय एजेंसियां गेहूं खरीद के लक्ष्यों की पूर्ति हेतु सम्मिलित प्रयास करें। उन्होंने उप जिलाधिकारियों से कहा कि अग्निकांड से फसलों को होने वाले नुकसान का तत्काल ऑकलन कराकर पीड़ित किसानों को मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने खंड विकास अधिकारियों, पशु चिकित्साधिकारियों को आदेशित करते हुए कहा कि आज सायं तक अपने-अपने क्षेत्र की संचालित शत-प्रतिशत गौशालाओं का स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें, संरक्षित गोवंशों को भीषण गर्मी से बचाए हेतु जूट के बोरे लगाए जाएं और उन पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जाए, गौशालाओं में संरक्षित गोवंशों हेतु पर्याप्त मात्रा में भूसे-चारे की व्यवस्था रहे, संरक्षित गोवंशों के पीने हेतु पानी की उपलब्धता का विशेष ध्यान रखा जाए, नांदों में भरे पानी को नियमित रूप से बदला जाए। उन्होंने कहा कि अभी कुछ निराश्रित गोवंश सड़कों पर दिखाई दे रहे हैं अगले एक सप्ताह में अभियान चलाकर निराश्रित गोवशों को गौशालाओं में संरक्षित किया जाए। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को आदेशित करते हुए कहा कि जिन-जिन ग्रामों में इंडिया मार्का हेडपंप खराब है, उनकी सूची तैयार कर एक सप्ताह में मरम्मत करना सुनिश्चित करें, गर्मी के मौसम में सभी हेडपंप चालू दशा में रहे, जिन ग्राम पंचायतों में पाइप पेयजल योजना संचालित है, उनके माध्यम से भी लोगों को घर तक स्वच्छ पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिशासी अभियंता सिंचाई को आदेशित करते हुए कहा कि जनपद की नहरों में पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध रहे, नहरों के माध्यम से तालाब, पोखर को प्राथमिकता पर भरवाया जाए और उसके डिजिटल फोटो उपलब्ध कराये जाएं। जिलाधिकारी ने जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कोई भी अधिकारी बिना पूर्व अनुमति के मुख्यालय न छोड़े, संज्ञान में आया है कि अवकाश के दिनों में अधिकारी बिना संज्ञान में लाये जिला मुख्यालय से बाहर चले जाते हैं यदि भविष्य में किसी के द्वारा इस प्रकार के पुनरावृत्ति की गई तो उसके विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी।
Follow Samachar24