डीएम रमेश रंजन ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का किया औचक निरीक्षण, बच्चों के पोषण और सर्वांगीण विकास पर दिया जोर
Gargachary Times
27 April 2026, 21:08
99 views
Firozabad
जिलाधिकारी रमेश रंजन ने मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य के साथ सिविल लाइन स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं, साफ सफाई और बुनियादी सुविधाओं का जायजा भी लिया।
जिलाधिकारी ने छात्राओं को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की बारीकी से जांच की, उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बच्चों को केवल मीनू चार्ट के अनुसार ही भोजन न दिया जाय बल्कि उनके आयु वर्ग के हिसाब से आहार निर्धारित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों को ऐसा पोषण युक्त संतुलित आहार मिलना चाहिए, जिससे उनके शारीरिक और मानसिक विकास में कोई बाधा न आए और वह भविष्य में स्वस्थ्य नागरिक बनकर देश व समाज की सेवा कर सकें।
उन्होंने विद्यालय प्रशासन को निर्देशित किया कि यदि वर्तमान मीनू चार्ट के अलावा बच्चों के लिए किसी अन्य पोषक तत्व या विशेष आहार की आवश्यकता महसूस होती है तो उसके लिए शासन से आग्रह कर उसकी उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
निरीक्षण के क्रम में विद्यालय प्रांगण में स्थित मैदान में हरी घास लगाने के निर्देश भी जिलाधिकारी ने दिए।
उसके पश्चात जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन डोर मैट्री, लैब का भी निरीक्षण किया और कार्य के गुणवत्तापूर्ण व समय बद्ध तरीके से पूर्ण करने हेतु सम्बंधित को निर्देशित किया।
जिलाधिकारी ने अंत में शिक्षिकाओं से संवाद करते हुए कहा कि आज के समय में बच्चों की बहुमुखी प्रतिभा का विकास करना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने जोर दिया कि पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों के अंदर छिपे हुए हुनर को पहचाने और उसे निखारने के प्रयास किए जाएं, ताकि उनकी प्रतिभा को नया मुकाम और नई पहचान मिल सके।