Loading...

अवैध मिट्टी डंपिंग से बढ़ा प्रदूषण, ककरऊ कोठी क्षेत्र के लोग परेशान, प्रशासन की चुप्पी सवालों के घेरे में

Gargachary Times 28 April 2026, 20:34 87 views
Firozabad
अवैध मिट्टी डंपिंग से बढ़ा प्रदूषण, ककरऊ कोठी क्षेत्र के लोग परेशान, प्रशासन की चुप्पी सवालों के घेरे में
फिरोजाबाद। जनपद के ककराऊ कोठी स्थित जोनल कार्यालय के बाहर खाली पड़े प्लॉट को अवैध रूप से मिट्टी डंपिंग जोन बना दिया गया है, जिससे आसपास के क्षेत्र में प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हर रोज रात के अंधेरे में 5 से 10 डंपर मिट्टी यहां डाली जाती है, जिससे पूरे इलाके में धूल का गुबार फैल जाता है और लोगों का जीना दूभर हो गया है। क्षेत्रवासियों के अनुसार, भारी मात्रा में डाली जा रही मिट्टी के कारण दिनभर तेज हवाओं के साथ धूल उड़कर घरों के अंदर तक पहुंच रही है। इससे न केवल साफ-सफाई की समस्या उत्पन्न हो रही है, बल्कि लोगों के स्वास्थ्य पर भी गंभीर असर पड़ रहा है। बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा व सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए यह स्थिति बेहद चिंताजनक बन चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह डंपिंग पूरी तरह अवैध है, जबकि प्रदूषण विभाग पहले ही इस क्षेत्र को प्रदूषण हॉटस्पॉट घोषित कर चुका है। इसके बावजूद न तो नगर निगम प्रशासन और न ही प्रदूषण नियंत्रण विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई की जा रही है। इससे विभागीय लापरवाही और उदासीनता साफ नजर आ रही है। क्षेत्रवासियों ने कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत भी की है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। लोगों में प्रशासन के प्रति रोष व्याप्त है और वे जल्द से जल्द इस अवैध डंपिंग पर रोक लगाने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो आने वाले समय में यह समस्या और भी विकराल रूप ले सकती है। इस पूरे मामले में प्रशासन की चुप्पी सवालों के घेरे में है और अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग कब तक इस गंभीर समस्या पर ध्यान देते हैं और क्षेत्रवासियों को राहत दिलाते हैं।
Follow Samachar24