फरह रेलवे फाटक पर रफ्तार का कहर: ट्रैक्टर-ट्रॉला ने महिला को रौंदा, बेटों से मिलने जा रही मां की मौके पर मौत
Gargachary Times
2 May 2026, 19:57
12 views
Mathura
फरह। फरह कस्बे के रेलवे फाटक पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार ने एक मां की जिंदगी छीन ली। ट्रैक्टर-ट्रॉला की चपेट में आने से करीब 55 वर्षीय महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
मृतका की पहचान रतन देवी पत्नी स्वर्गीय केदार सिंह के रूप में हुई है। वह ग्राम पंचायत सरेंडा के गांव नगला विष्णु, थाना खेरागढ़, जिला आगरा की रहने वाली थीं। परिजनों ने बताया कि रतन देवी शनिवार सुबह अपने बेटों से मिलने सोहना जा रही थीं। घर से निकली मां को क्या पता था कि यह सफर आखिरी होगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब 10 बजे रतन देवी रेलवे फाटक पार कर रही थीं। इसी दौरान अछनेरा की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉला ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। महिला संभल पाती इससे पहले ही वह ट्रॉला के टायर के नीचे आ गई। हादसा इतना भीषण था कि रतन देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही फरह थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉला को कब्जे में ले लिया गया है।
और उसकी तलाश की जा रही है। मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
फाटक पर लगा जाम, लोगों में आक्रोश
हादसे के बाद रेलवे फाटक पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने यातायात सुचारु कराया।
उधर, लगातार हो रहे हादसों से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि अगर फ्लाईओवर बना होता तो ये हादसा नही होता ये पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्मस्थली होने के बावजूद भी यहां पर कोई ऐसी व्यवस्था नहीं है आए दिन ऐसी घटना होती रहती हैं।