गोवर्धन तहसील परिसर में सम्पूर्ण समाधान दिवस में विशेष शिविर का आयोजन हुआ सम्पन्न
Gargachary Times
2 May 2026, 19:58
16 views
Mathura
आगरा कमिश्नर डी आई जी जिला अधिकारी सहित पुलिस कप्तान ने लोगों की शिकायतों का किया निस्तारण
डी डी शर्मा
गोवर्धन - जनसमस्याओं के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के लिए प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप शनिवार को गोवर्धन तहसील सभागार में 'सम्पूर्ण समाधान दिवस' का आयोजन किया गया। इस विशेष शिविर की अध्यक्षता आगरा जोन के कमिश्नर नागेंद्र प्रताप सिंह और डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय ने की। इस दौरान जिले के उच्चाधिकारियों की मौजूदगी में फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया।
समाधान दिवस में कमिश्नर और डीआईजी के साथ मथुरा के जिलाधिकारी सिपी सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। शासन के कड़े निर्देशों के चलते तहसील परिसर में विभिन्न विभागों के आला अधिकारी अपनी टीम के साथ मौजूद थे, ताकि शिकायतों का मौके पर ही परीक्षण कर उनका समाधान सुनिश्चित किया जा सके। सभागार में आयोजित इस शिविर में कुल 100 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से अधिकांश मामले राजस्व और भूमि विवाद, पुलिस प्रशासन विकास खंड एवं पंचायत विद्युत विभाग और नगर निकाय से संबंधित रहे। कमिश्नर नागेंद्र प्रताप सिंह ने प्राप्त शिकायतों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को सख्त लहजे में हिदायत दी कि जनहित के कार्यों में शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि दर्ज की गई शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय और एसएसपी श्लोक कुमार ने पुलिस से संबंधित मामलों की समीक्षा की। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्ष कार्रवाई करें, ताकि पीड़ितों को बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निस्तारण की रिपोर्ट पोर्टल पर समय से अपलोड होनी चाहिए और किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।