13 मई को परखम आएंगे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, गौ विज्ञान केंद्र के कई प्रकल्पों का करेंगे लोकार्पण
Gargachary Times
5 May 2026, 21:32
4 views
Mathura
फरह। फरह उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य 13 मई को गऊ ग्राम परखम स्थित दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में विभिन्न प्रकल्पों का लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
रविवार को गऊ ग्राम परखम के अशोक सिंघल सभागार सप्त ऋषि कुटीर में हुई बैठक में समिति के मंत्री हरिशंकर शर्मा ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 13 मई को सुबह 10:30 बजे गौ विज्ञान अनुसंधान केंद्र पर हवन, गृह प्रवेश एवं भूमि पूजन कार्यक्रम होगा। इसके बाद दोपहर एक बजे नवधा सभागार में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहेंगे।
कार्यक्रम में निरंजन पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी कैलाशानन्द गिरि महाराज और अंतरराष्ट्रीय कथा मर्मज्ञ श्री विजय कौशल महाराज श्रीधाम वृंदावन का आशीर्वचन प्राप्त होगा।
उपमुख्यमंत्री छात्राओं के हॉस्टल, पं. दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सालय, स्टूडियो और हर्बल गार्डन का लोकार्पण करेंगे। साथ ही कन्वेंशन सेंटर और स्टाफ क्वार्टर का भूमि पूजन तथा बुनकर केंद्र में स्थापित नवीन मशीन का पूजन भी किया जाएगा।
कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर समिति ने जिम्मेदारी तय कर दी है। भोजन व्यवस्था में शिवकुमार शर्मा, जगमोहन पाठक, महिपाल, नत्थीलाल, अमित जैन रहेंगे। पूजन व्यवस्था राकेश शर्मा, अतिथि आसन व्यवस्था शशिकांत, विनीत शर्मा, मनोज, राम पाठक संभालेंगे। मंच व्यवस्था चंद्रशेखर और मीडिया प्रबंधन मुकेश शर्मा देखेंगे। अन्य व्यवस्थाओं में गोविंद, देवेंद्र प्रताप सिंह, ब्रजेश, नरेंद्र पाठक, उमेश शर्मा, जगदीश सहयोग करेंगे।
बैठक में अजीत महापात्र संयोजक अखिल भारतीय गौ सेवा गतिविधि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, डॉ. अनुराग शर्मा सदस्य गौशाला समिति, डॉ. केएमएल पाठक उपाध्यक्ष अकादमिक समिति, मनोज एवं चंद्रशेखर समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।