Loading...

कॉपी-पेंसिल नहीं तो क्या? स्टेशनरी बैंक है न... शिक्षकों की अनूठी पहल, सरकारी स्कूल में बनाया गया स्टेशनरी बैंक

Gargachary Times 6 May 2026, 19:44 125 views
Mathura
कॉपी-पेंसिल नहीं तो क्या? स्टेशनरी बैंक है न... शिक्षकों की अनूठी पहल, सरकारी स्कूल में बनाया गया स्टेशनरी बैंक
बलदेव - सर जी! कापी नहीं थी इसलिए स्कूल नहीं आए थे। मैडम जी पेंसिल नहीं है कैसे लिखें। आमतौर पर दिखने वाली बच्चों की इस तरह की दिक्कत अब परिषदीय विद्यालय बलरामपुर में नहीं होगी, क्योंकि अब स्कूल में ही स्टेशनरी का एक अपना बैंक होगा। इस बैंक में पैन, पेंसिल, रबर, कलर, कटर, कॉपियां, पहाड़े, पुस्तकें व अन्य उपयोगी वस्तुएं मौजूद रहा करेंगी और जरूरत पड़ने पर विद्यार्थी यहां से स्वयं ही निःशुल्क ले लेंगे। विदित हो कि सरकार के द्वारा परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को किताबें, जूते, ड्रेस और बस्ते तो डीवीटी के माध्यम से मुफ्त में मिल जाते हैं, लेकिन कापियां, पेंसिल, पेन, रबर आदि की जरूरत निरन्तर पड़ती है क्योंकि यहां पढ़ने वाले अधिकांश बच्चे गरीब परिवारों से होते हैं, जो स्टेशनरी न होने पर स्कूल आने से कतराते हैं। प्राथमिक विद्यालय बलरामपुर में नि:शुल्क स्टेशनरी बैंक का शुभारंभ अग्रवाल समाज संगठन के अध्यक्ष और उद्योगपति उमेश अग्रवाल एवं होटल विरासत के निदेशक मोहित अग्रवाल द्वारा मां सरस्वती के छविचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर एवं फीता काटकर किया गया। स्टेशनरी बैंक के इस नवाचार के संबंध में विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. जगदीश पाठक ने बताया कि इस अनूठी पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद विद्यार्थियों को निःशुल्क कॉपियां, पेंसिल, इरेज़र, शार्पनर और अन्य आवश्यक शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराना है, ताकि स्टेशनरी के अभाव में किसी बच्चे की पढ़ाई में व्यवधान न आएं और शिक्षा के प्रति समाज की संवेदनशीलता को बढ़ावा मिले। इस अवसर पर समाजसेवी उमेश अग्रवाल ने कहा कि यह पहल शिक्षा के क्षेत्र में एक सकारात्मक कदम है, जो जरूरतमंद छात्रों को आत्मनिर्भर बनने और शिक्षा के मुख्यधारा में बने रहने में मदद करेगी। युवा उद्योगपति और होटल विरासत के निदेशक मोहित गोयल ने कहा कि दूसरे चरण में ऐसे विद्यार्थियों की सहायता की जाएगी जो पढ़ने में होशियार हैं, लेकिन प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने में उन्हें दिक्कत आ रही है। इस अवसर पर संजीव अग्रवाल, हरिओम अग्रवाल, सोनू भैया, धर्मेंद्र उपाध्याय, कन्हैया अग्रवाल, अचल कुमार, प्रेमचंद, गीता सक्सेना, डॉ जगदीश पाठक, बिंदु शर्मा, पूजा रानी, ममता रानी आदि की उपस्थिति मुख्य रही। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. जगदीश पाठक ने किया।
Follow Samachar24