Loading...

गढ़ शेखूपुर में मूर्ति स्थापना को लेकर विवाद, ग्रामीणों ने डीएम से लगाई रोक की गुहार

Gargachary Times 7 May 2026, 20:09 12 views
Firozabad
गढ़ शेखूपुर में मूर्ति स्थापना को लेकर विवाद, ग्रामीणों ने डीएम से लगाई रोक की गुहार
फिरोजाबाद। थाना रजावली क्षेत्र के ग्राम गढ़ शेखूपुर में महाराणा प्रताप की मूर्ति स्थापना को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है। गांव के कई ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर ग्राम समाज की भूमि पर बिना प्रशासनिक अनुमति के मूर्ति स्थापित किए जाने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने मामले में हस्तक्षेप कर कार्रवाई की मांग की है। गुरुवार को ग्रामीणों द्वारा दिए गए शिकायती पत्र में कहा गया है कि कुछ दबंग एवं आपराधिक प्रवृत्ति के लोग ग्राम सभा की भूमि पर अवैध रूप से महाराणा प्रताप की मूर्ति स्थापित करने का प्रयास कर रहे हैं। आरोप है कि यह कार्य शासन और प्रशासन की अनुमति के बिना किया जा रहा है, जिससे गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि बिना अनुमति सार्वजनिक स्थल पर मूर्ति स्थापना से गांव में शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। लोगों ने प्रशासन को अवगत कराया कि गांव में भय और तनाव का वातावरण बना हुआ है तथा स्थिति कभी भी विवाद का रूप ले सकती है। प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया कि ग्राम समाज की जमीन पर अवैध कब्जा करने की नीयत से मूर्ति स्थापना की जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि समय रहते इस कार्य को रुकवाया जाए, जिससे गांव में शांति और सौहार्द बना रहे। गांव के लोगों ने जिलाधिकारी से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने तथा ग्राम सभा की भूमि को अवैध कब्जे से बचाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन की समय रहते कार्रवाई से संभावित विवाद और तनाव को रोका जा सकता है। फिलहाल प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से मामले में जांच के बाद कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।
Follow Samachar24