हाईवे पर गैस वाहन की टक्कर से युवक की मौत, ब्लॉक प्रमुख जलेसर का भतीजा था मृतक
Gargachary Times
7 May 2026, 20:09
11 views
Firozabad
फिरोजाबाद। थाना टूंडला क्षेत्र में हाईवे स्थित जरौली कट के समीप बुधवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान देवेंद्र यादव उर्फ देवा (28) पुत्र हरिओम यादव निवासी नगला गंगा, सहानगर टिमरुआ थाना सकरौली जनपद एटा के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक क्षेत्रीय ब्लॉक प्रमुख जलेसर अशोक यादव का भतीजा बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार देवेंद्र यादव अपने दो अन्य साथियों के साथ जिला प्लांट की ओर से घूमने के लिए निकला था। शाम करीब 7:30 बजे हाईवे रोड पर जरौली कट से आगे नवाब होटल से लगभग 200 मीटर की दूरी पर उनकी बाइक किसी तेज रफ्तार गैस सप्लाई वाहन से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि देवेंद्र गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही थाना टूंडला पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से वाहन को पकड़ लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना करने वाले वाहन चालक से पूछताछ की जा रही है।
मृतक देवेंद्र यादव उर्फ देवा की शादी करीब सात वर्ष पूर्व हुई थी। उसके परिवार में पत्नी के अलावा पांच वर्षीय बेटी और दो वर्षीय मासूम बेटा है। जवान बेटे की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बच्चों के सिर से पिता का साया उठने की बात सुनकर गांव में हर आंख नम दिखाई दी।
देवेंद्र के ब्लॉक प्रमुख अशोक यादव का भतीजा होने के कारण घटना की सूचना मिलते ही राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र के लोग भी शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे। गांव नगला गंगा में मातम पसरा हुआ है और घर पर सांत्वना देने वालों का तांता लगा है।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है और संबंधित वाहन के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।