भगवान परशुराम शोभा यात्रा समिति का भगवान परशुराम चैरिटेबल ट्रस्ट में विलय का सौंपा पत्र
Gargachary Times
8 May 2026, 20:43
61 views
Dholpur
धौलपुर-भगवान परशुराम शोभा यात्रा समिति की एक महत्वपूर्ण एवं विस्तृत बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें समाजहित, संगठनात्मक मजबूती, पारदर्शिता एवं धार्मिक गतिविधियों के सुव्यवस्थित संचालन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में सर्वसम्मति से भगवान परशुराम शोभा यात्रा समिति का भगवान परशुराम चैरिटेबल ट्रस्ट में विलय किए जाने का निर्णय लिया गया, ताकि समाज को एक मजबूत, संगठित एवं प्रभावी स्वरूप प्रदान किया जा सके।
बैठक में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में समाज की धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को एक मंच से संचालित करना अत्यंत आवश्यक हो गया है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए समिति ने ट्रस्ट के साथ समन्वय स्थापित कर समाज को एकजुट करने तथा आने वाली पीढ़ी को धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का संकल्प लिया है।
समिति के जिला अध्यक्ष मुकेश शर्मा ने समस्त कार्यकारिणी सदस्यों की सहमति से ट्रस्ट अध्यक्ष पीसी बोहरा के प्रतिनिधि एवं कोषाध्यक्ष किशनचंद शर्मा, ट्रस्टी रामगोपाल शर्मा, श्रीनिवास शर्मा एवं हरि निवास प्रधान को औपचारिक पत्र सौंपते हुए अनुरोध किया कि भगवान परशुराम शोभा यात्रा समिति को ट्रस्ट के अंतर्गत “भगवान परशुराम शोभा यात्रा प्रकोष्ठ” के रूप में मान्यता प्रदान की जाए, ताकि पूर्व की भांति भगवान परशुराम जी की शोभा यात्रा, धार्मिक आयोजन एवं सामाजिक गतिविधियाँ निरंतर संचालित होती रहें।
पत्र में यह भी स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया कि विलय उपरांत वर्तमान समिति की कार्यकारिणी, अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं सदस्यगण अपने वर्तमान स्वरूप, दायित्वों एवं अधिकारों सहित यथावत कार्य करते रहेंगे तथा ट्रस्ट के अधीन संगठनात्मक रूप से समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। यह व्यवस्था तब तक प्रभावी रहेगी, जब तक कि ट्रस्ट के संविधान, नियमावली अथवा सक्षम स्तर से कोई नवीन निर्णय पारित नहीं किया जाता।
बैठक में वित्तीय पारदर्शिता को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। समिति द्वारा विगत वर्ष की शेष राशि समाजहित एवं धार्मिक कार्यों के लिए भगवान परशुराम चैरिटेबल ट्रस्ट को समर्पित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही यह भी प्रस्ताव रखा गया कि पूर्व वर्षों में भगवान परशुराम शोभा यात्रा हेतु समाज से प्राप्त सहयोग राशि में यदि किसी स्तर पर कोई शेष राशि उपलब्ध हो तो उसे भी ट्रस्ट में जमा कराया जाए, ताकि समाज की निधि समाज एवं धार्मिक आयोजनों के हित में सुरक्षित एवं उपयोगी बनी रहे।
बैठक में आगामी भगवान परशुराम शोभा यात्रा को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने ट्रस्ट से आग्रह किया कि शोभा यात्रा की तैयारियों, जिम्मेदारियों के निर्धारण, आर्थिक प्रबंधन, प्रचार-प्रसार एवं कार्यक्रम की रूपरेखा तय करने हेतु शीघ्र एक संयुक्त बैठक आयोजित की जाए, जिससे इस वर्ष की शोभा यात्रा को भव्य, ऐतिहासिक एवं सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान किया जा सके।
बैठक में समिति की ओर से मुकेश शर्मा, राजेश महदपुरा, सतीश दीक्षित, नंदकिशोर शुक्ला, प्रमोद भारद्वाज, मुकेश हनुमानपुरा, हरिशंकर शर्मा, राजेंद्र शर्मा, शशिकांत शर्मा, सुनील जगरिया, रामदत्त शर्मा, उपेंद्र दीक्षित, विनोद तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं समाजजन मौजूद रहे।
इसी अवसर पर भगवान परशुराम शोभायात्रा समिति की कार्यकारिणी सूची भी ट्रस्ट को सौंपी गई। कार्यकारिणी में संरक्षक मंडल में किशन चंद शर्मा, विशंभर दयाल शर्मा, हरि निवास प्रधान, श्रीनिवास शर्मा एवं रामगोपाल शर्मा को शामिल किया गया है।
समिति के अध्यक्ष पद पर मुकेश शर्मा, उपाध्यक्ष पद पर राजेश महदपुरा, संजय दीक्षित एवं मुकेश हनुमानपुरा, महासचिव पद पर राजेंद्र शर्मा एवं सतीश दीक्षित, सचिव पद पर शिव प्रकाश शर्मा शप्पी, हरिशंकर शर्मा एवं रिंकू बौहरे (समाजसेवी) को जिम्मेदारी दी गई है।
संयुक्त सचिव पद पर बनबारी शर्मा एवं शिवराज खलीफा, संगठन मंत्री के रूप में नन्द किशोर शुक्ला, नरेंद्र शर्मा (नायला वाले) एवं नरेंद्र पाराशर, कोषाध्यक्ष पद पर प्रमोद भारद्वाज को नियुक्त किया गया है।
मीडिया प्रभारी के रूप में राम दत्त शर्मा, राहुल शर्मा, सुनील जगरिया एवं उपेंद्र दीक्षित, जबकि आईटी टीम प्रभारी के रूप में विनोद तिवारी, मोहन दुबे एवं प्रशांत तिवारी औडेला को शामिल किया गया है।
कार्यकारिणी सदस्यों में संतोष मिश्रा, प्रशांत शर्मा, बंटू शर्मा, अभिषेक हुंडावाल, मनीष शर्मा, अभिषेक तिवारी एवं बांसुरी शर्मा शामिल हैं। वहीं विशेष आमंत्रित सदस्यों में नरेंद्र शर्मा जयपुर, गगन कुमार जयपुर, राजेंद्र शर्मा जयपुर, प्रमोद शर्मा एडवोकेट, संदीप शर्मा पत्रकार एवं अनुपम तिवारी को शामिल किया गया है।
अंत में उपस्थित सभी समाजबंधुओं ने विश्वास व्यक्त किया कि भगवान परशुराम चैरिटेबल ट्रस्ट एवं भगवान परशुराम शोभा यात्रा समिति के संयुक्त प्रयासों से समाज को नई दिशा, मजबूती एवं संगठनात्मक ऊर्जा प्राप्त होगी तथा भगवान परशुराम जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य और अधिक प्रभावी रूप से किया जा सकेगा।