वृन्दावन के वात्सल्यग्राम का 24वां स्थापना दिवस भव्यता के साथ संपन्न, दीदी माँ के सानिध्य में दिखी संस्कार और राष्ट्रभक्ति की झलक
Gargachary Times
8 May 2026, 20:46
103 views
Mathura
वृन्दावन, संविद गुरुकुलम गर्ल्स सैनिक स्कूल के प्रांगण में वात्सल्य, सेवा और संस्कारों की प्रतिमूर्ति संस्थान 'वात्सल्यग्राम' का 24वां स्थापना दिवस समारोह अत्यंत गरिमामयी ढंग से आयोजित किया गया। इस गौरवशाली उत्सव में परम पूज्य दीदी माँ साध्वी ऋतंभरा जी की उपस्थिति ने समूचे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा और मातृशक्ति के वात्सल्य से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि सेठ नारायण दास और कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने मनमोहक वंदना नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समारोह के दौरान संविद गुरुकुलम बालिका सैनिक स्कूल, कृष्णा ब्रह्म रतन विद्या मंदिर और वैशिष्ट्य की छात्राओं ने ‘संस्कारम’ नामक विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति दी, जिसके माध्यम से भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और देशप्रेम का सशक्त संदेश प्रसारित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण अंतर्राष्ट्रीय कवि विनीत चौहान की ‘भारत गौरव गाथा’ रही, जिसने उपस्थित जनसमूह में राष्ट्र के प्रति गर्व और स्वाभिमान का भाव जगा दिया। इस उत्सव का एक महत्वपूर्ण हिस्सा शिक्षा और हिंदी भाषा के प्रति समर्पित शिक्षकों का सम्मान रहा, जिन्हें हिंदी ओलंपियाड सम्मान के अंतर्गत ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर नवाजा गया।
अपने संबोधन में दीदी माँ साध्वी ऋतंभरा ने सेवा और संस्कारों को जीवन का असली आधार बताया और युवाओं से अपनी संस्कृति के संरक्षण के साथ-साथ मानवता की सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम में महापौर विनोद अग्रवाल, आचार्य बद्रीश, डॉ. मनोज मोहन शास्त्री, पूर्व मंत्री रवि कांत गर्ग और महामंडलेश्वर चित्त प्रकाशानंद सहित कई गणमान्य विभूतियाँ और संत मौजूद रहे। परम शक्ति पीठ के राष्ट्रीय सचिव संजय भैया और संविद की डायरेक्टर सुमनलता के मार्गदर्शन में आयोजित इस समारोह का सफल संचालन राधिका राजपूत ने किया। उपस्थित अतिथियों ने वात्सल्यग्राम के इन प्रयासों की सराहना करते हुए इसे नई पीढ़ी के निर्माण के लिए एक प्रेरणादायी कदम बताया।