वृंदावन में सजेगा व्यापारियों का महाकुंभ, दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन 12 मई से
Gargachary Times
9 May 2026, 20:52
330 views
Mathura
देश की अग्रणी व्यापारी संस्था भारतीय उद्योग व्यापार मण्डल का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन आगामी 12 और 13 मई को कान्हा की नगरी वृंदावन में आयोजित होने जा रहा है। छटीकरा रोड स्थित ज्वालाधाम श्री कृष्ण आश्रम में होने वाले इस समागम में देशभर के सभी राज्यों से व्यापारी प्रतिनिधि जुटेंगे। स्वर्गीय पूर्व सांसद श्री श्याम बिहारी मिश्रा जी द्वारा स्थापित इस संस्था का नेतृत्व वर्तमान में राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबूलाल गुप्ता (जयपुर) कर रहे हैं।
दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन के संदर्भ में मथुरा वृंदावन मार्ग स्थित वृंदावन गार्डन में शनिवार को एक पत्रकारवार्ता का आयोजन किया गया। नगरअध्यक्ष मथुरा डॉ विशाल खुराना बॉबी भैया ने बताया कि अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में नागालैंड के राज्यपाल महामहिम श्री नंदकिशोर यादव एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री सुनील सिंघवी शिरकत करेंगे। इनके अलावा राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, विधायक श्रीकांत शर्मा और विधायक राजेश चौधरी भी अतिथियों के रूप में उपस्थित रहकर व्यापारियों का उत्साहवर्धन करेंगे।
अधिवेशन की औपचारिक शुरुआत से पूर्व 11 मई को सायं 5 बजे सभी राज्यों से आए व्यापारी प्रतिनिधि मथुरा के विश्राम घाट पर यमुना पूजन करेंगे। इसके माध्यम से व्यापारी एकता और सांस्कृतिक संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।
दो दिवसीय सत्रों के दौरान व्यापारियों के हितों से जुड़े कई ज्वलंत विषयों पर प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। जिनमें मुख्यरूप से छोटे दुकानदारों के अस्तित्व को बचाने के लिए ठोस नीति बनाने पर चर्चा। 'स्थानीय व्यापार, स्थानीय उत्पादन और स्थानीय पर्यटन' को बढ़ावा देना। स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुँचाने की रणनीति। खाद्य मानकों और व्यापारिक नियमों को व्यावहारिक बनाने की माँग।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री राजकुमार अग्रवाल ने इसे 'व्यापारी एकता का महाकुंभ' करार दिया है। जिला अध्यक्ष मुकेश वार्ष्णेय और जिला महामंत्री हरिओम अग्रवाल ने बताया कि देशभर से आने वाले सैकड़ों प्रतिनिधियों के आवास, भोजन और रजिस्ट्रेशन के लिए मथुरा की टीम दिन-रात जुटी हुई है। नगर अध्यक्ष डॉ. विशाल खुराना के अनुसार, सुचारू व्यवस्था के लिए अलग-अलग कमेटियां बनाई गई हैं।
इसी क्रम में कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए धनेंद्र अग्रवाल बॉबी को नगर अध्यक्ष एवं मुकुंद मोहन शर्मा को चैयरमैन नियुक्त किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से बालकिशनअग्रवाल , शिव शंकर वर्मा, रामकिशन अग्रवाल, कमल किशोर वार्ष्णेय, अरविंद मिश्रा, शशांक शर्मा और मनीष चतुर्वेदी सहित जनपद के समस्त पदाधिकारी उपस्थित रहे हैं।