परखम की बेटी बनी यूपी पुलिस में कांस्टेबल, गांव का नाम किया रोशन, स्कूल में हुआ भव्य स्वागत
Gargachary Times
9 May 2026, 20:57
104 views
Mathura
फरह: फरह के परखम गांव की बेटी ने उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल पद पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। स्कूल की पूर्व छात्रा नीलम शर्मा ने कठिन मेहनत से यह मुकाम हासिल किया और 27 अप्रैल 2026 को कानपुर नगर में पदभार ग्रहण किया।
सफलता के बाद जब वह अपने पुराने विद्यालय पहुंची तो प्रधानाचार्य श्रीमती सुषमा अग्रवाल ने छात्राओं और शिक्षकों के साथ उनका स्वागत व सम्मान किया। स्कूल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुकेश शर्मा, दीप्ति, सुमित्रा रानी, रीना अग्रवाल सहित सभी शिक्षकों ने आशीर्वाद दिया।
इस मौके पर नीलम शर्मा ने छात्राओं को संदेश देते हुए कहा कि जीवन में कोई काम मुश्किल नहीं होता। अगर खुद पर भरोसा हो और लगन से मेहनत की जाए तो हर लक्ष्य पाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि गांव की बेटी ने यह साबित कर दिया कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती।
प्रधानाचार्य सुषमा अग्रवाल ने कहा कि यह पूरे विद्यालय और गांव के लिए गर्व का क्षण है। हमारी छात्रा ने अन्य लड़कियों के लिए मिसाल पेश की है। अब गांव की बेटियां भी वर्दी पहनकर देश सेवा का सपना देख सकेंगी।
कार्यक्रम में छात्राओं ने तालियों से अपनी दीदी का स्वागत किया। कांस्टेबल बनी छात्रा ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और कड़ी मेहनत को दिया। उन्होंने छात्राओं से पढ़ाई के साथ लक्ष्य तय कर आगे बढ़ने की अपील की।