Loading...

एलाऊ थाना दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं जन समस्याएं

Gargachary Times 9 May 2026, 20:58 124 views
Mainpuri
एलाऊ थाना दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं जन समस्याएं
मैनपुरी में माह के दूसरे शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा अचानक थाना एलाऊ पहुंचे। उन्होंने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए। उनकी इस कार्रवाई से क्षेत्रीय जनता में खुशी का माहौल देखा गया। थाना दिवस में कुल 14 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें अधिकांश मामले भूमि विवाद और अवैध कब्जे से संबंधित थे। जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत को विस्तार से सुना। उन्होंने कानूनगो, लेखपाल और पुलिस टीम को संयुक्त रूप से मौके पर जाकर कार्रवाई करने के आदेश दिए। एक घरेलू जमीनी विवाद का मामला सामने आया, जिसमें दोनों पक्ष लंबे समय से उलझे हुए थे। जिलाधिकारी ने मौके पर ही दोनों पक्षों को समझाकर विवाद समाप्त कराया। उन्होंने आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए दोनों को गले भी मिलवाया। क्षेत्र के गांव नवादा में गांव के खरंजे पर अवैध कब्जे की शिकायत को जिलाधिकारी ने बेहद गंभीरता से लिया। उन्होंने तत्काल टीम गठित कर मौके पर जाने और पैमाइश कर अवैध कब्जा हटाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने दो दिन के भीतर खरंजे का निर्माण कार्य शुरू करने का भी आदेश दिया, जिससे संबंधित अधिकारियों में हड़कंप मच गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को राजस्व एवं पुलिस विभाग के बीच समन्वय स्थापित कर संवेदनशील मामलों का निस्तारण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित न्याय व राहत मिले। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक द्वारा मौके पर पहुंचकर शिकायतों का गंभीरता से निस्तारण किए जाने से क्षेत्रीय जनता ने प्रसन्नता व्यक्त की। ग्रामीणों ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों के सीधे गांव और थाना स्तर पर पहुंचने से समस्याओं का समाधान तेजी से हो रहा है। इस दौरान प्रदीप गोयल, रूबी कुमारी, आकांक्षा बेस, मुनेश यादव, धीरज कुमार, अरुण सिंह सहित क्षेत्र के सभी कानूनगो, लेखपाल एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
Follow Samachar24