13 मई को परखम गऊ ग्राम पहुंचेंगे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, आधा दर्जन प्रकल्पों का करेंगे लोकार्पण; कन्वेंशन सेंटर व स्टाफ आवास का होगा शिलान्यास
Gargachary Times
11 May 2026, 20:40
101 views
Mathura
फरह। फरह में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य 13 मई को अपरान्ह एक बजे दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति द्वारा संचालित दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र, गऊ ग्राम परखम में नवनिर्मित आधा दर्जन प्रकल्पों का लोकार्पण करेंगे। साथ ही वह कन्वेंशन सेंटर और स्टाफ आवास की आधारशिला भी रखेंगे।
सोमवार को अशोक सिंघल सभागार, सप्त ऋषि कुटीर, परखम में आयोजित पत्रकार वार्ता में समिति के मंत्री हरीशंकर शर्मा ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उप मुख्यमंत्री गौरी भवन कन्या छात्रावास, औषधि उद्यान, पशु चिकित्सालय, स्टूडियो और बुनकर प्रशिक्षण केंद्र की मशीन का ई-लोकार्पण करेंगे।
45 कमरों वाले आधुनिक सुविधाओं से युक्त गौरी भवन कन्या छात्रावास का निर्माण प्रोमीथियस विद्यालय नोएडा के संस्थापक अध्यक्ष मुकेश शर्मा द्वारा कराया गया है। इसमें एक साथ 125 छात्राएं रह सकेंगी। पं० दीनदयाल औषधि उद्यान में विभिन्न प्रकार की औषधियां उगाई जाएंगी, जिनका उपयोग फार्मेसी एवं आयुर्वेदिक दवाओं के निर्माण में होगा। पं० दीनदयाल पशु चिकित्सालय में पशुओं का आयुर्वेदिक तरीके से इलाज होगा। यहां डॉक्टर, एम्बुलेंस और कंपाउंडर हर समय उपलब्ध रहेंगे।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ब्रज प्रांत के प्रचार प्रमुख कीर्ति कुमार ने बताया कि कामधेनु प्रसार केंद्र सभी आधुनिक सुविधाओं से लैस स्टूडियो होगा। यहां वीडियो रिकॉर्डिंग, कॉन्फ्रेंसिंग, पॉडकास्टिंग, एजुकेशन इंटरव्यू, ऑनलाइन व ऑफलाइन कक्षाएं संचालित होंगी। केंद्र का अपना ऑनलाइन चैनल भी होगा, जिस पर ज्ञानवर्धक जानकारियां उपलब्ध रहेंगी।
दीनदयाल धाम के निदेशक सोनपाल ने बताया कि बुनकर प्रशिक्षण केंद्र में अब नवीन रैपियर मशीन लग गई है, जिससे कपड़ा बनाया जा रहा है। केंद्र क्षेत्र के लोगों को प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसर दे रहा है। उप मुख्यमंत्री दो हजार लोगों की क्षमता वाले कन्वेंशन सेंटर और 50 लोगों के रहने की क्षमता वाले स्टाफ आवास का भी शिलान्यास करेंगे।
लोकार्पण से पूर्व प्रातः 10:30 से दोपहर 12:30 तक गौ विज्ञान अनुसंधान केंद्र पर हवन, गृह प्रवेश एवं पूजन कार्यक्रम होंगे। नवधा सभागार में आयोजित ई-लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य होंगे। मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह सेवा प्रमुख राजकुमार मटाले उपस्थित रहेंगे। आशीर्वचन निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर डॉ० स्वामी कैलाशानन्द गिरि महाराज एवं अंतरराष्ट्रीय रामकथा मर्मज्ञ विजय कौशल महाराज का प्राप्त होगा।
पत्रकार वार्ता में प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य डॉ० अनुराग शर्मा, मीडिया प्रमुख नरेंद्र पाठक एवं मुकेश शर्मा मौजूद रहे।