ऋषि-आश्रम का गेट गिरने से मासूम की मौत, खेलते-खेलते गेट के पास पहुंचा,पिता के सामने बेटे ने तोड़ा दम
Gargachary Times
11 May 2026, 21:06
103 views
Mainpuri
मैनपुरी शहर के खरगजीत नगर मोहल्ले में रविवार रात मासूम आरव उर्फ शनी की मौत हो गई। ऋषि आश्रम परिसर में खेलते समय भारी लोहे का गेट अचानक पिलर समेत उसके ऊपर गिर गया। गंभीर रूप से घायल बच्चे को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सदर कोतवाली क्षेत्र के खरगजीत नगर निवासी शिव कुमार स्वास्थ्य विभाग में संविदाकर्मी हैं। रविवार शाम वह अपने बेटे आरव को पास स्थित ऋषि आश्रम घुमाने ले गए थे। आश्रम परिसर में आरव अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान वह खेलते-खेलते अहाते में लगे लोहे के गेट के पास पहुंच गया।
लोगों ने गेट हटाकर बच्चे को बाहर निकाला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक भारी लोहे का गेट पिलर समेत भरभराकर आरव के ऊपर गिर पड़ा। बेटे की चीख सुनकर पिता शिव कुमार मौके पर पहुंचे। आश्रम में मौजूद लोगों की मदद से गेट हटाकर बच्चे को बाहर निकाला गया और आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। शहर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई।
निर्माण में लापरवाही का आरोप
मृतक के पिता शिव कुमार ने हादसे के लिए निर्माण में लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि गेट को सुरक्षित तरीके से नहीं लगाया गया था। उन्होंने कहा कि गेट में मजबूत पिलर और सरिया का इस्तेमाल नहीं किया गया, बल्कि केवल ईंट और सीमेंट के सहारे उसे खड़ा कर दिया गया था।
परिजनों ने ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि गेट मजबूत तरीके से लगाया गया होता तो यह हादसा टाला जा सकता था।