शौर्य और भक्ति के संगम के साथ निकलेगी भगवान परशुराम की शोभायात्रा
Gargachary Times
12 May 2026, 21:26
122 views
Mathura
वृंदावन। कान्हा की नगरी श्रीधाम वृंदावन में भगवान श्री परशुराम जी का जन्मोत्सव इस बार बेहद भव्य तरीके से मनाया जाएगा। स्नेह बिहारी मंदिर में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान परशुराम शोभायात्रा समिति ने इस वर्ष के कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी साझा की। समिति के अध्यक्ष करण कृष्ण गोस्वामी ने बताया कि इस विशाल आयोजन का मुख्य उद्देश्य आज की युवा पीढ़ी को भगवान परशुराम के साहस, उनके महान आदर्शों और धर्म के प्रति उनकी अटूट श्रद्धा से परिचित कराना है।
शोभायात्रा के संयोजक मुकुंद मोहन शर्मा ने आश्वासन दिया कि यात्रा के दौरान व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। वहीं, आशीष गौतम ने बताया कि यह शोभायात्रा नगर के सभी प्रमुख मार्गों और चौराहों से गुजरेगी। इस दौरान पूरे वृंदावन को विशेष रूप से सजाया जाएगा और जगह-जगह फूलों की वर्षा व स्वागत द्वारों के माध्यम से भगवान का सत्कार होगा। यात्रा की भव्यता बढ़ाने के लिए दर्जनों बैंड, ऊंट-घोड़े और विभिन्न पौराणिक प्रसंगों को जीवंत करती सजीव झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
समिति के वक्ताओं ने प्रेस वार्ता में स्पष्ट किया कि भगवान परशुराम किसी एक वर्ग विशेष के नहीं, बल्कि पूरी मानवता के कल्याण और अधर्म के विनाश के प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने धर्मप्रेमी जनता से इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने की अपील की है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूरी राह में ठंडे पानी और शरबत की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम का समापन भव्य आरती और विशाल प्रसाद वितरण के साथ किया जाएगा। वार्ता के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने 'जय परशुराम' के नारों के साथ इस उत्सव को सफल बनाने का संकल्प लिया।