Loading...

राधा प्रसाद धाम में लगा विशाल स्वास्थ्य शिविर

Gargachary Times 12 May 2026, 21:27 75 views
Mathura
राधा प्रसाद धाम में लगा विशाल स्वास्थ्य शिविर
वृंदावन। भक्ति और आध्यात्म के केंद्र वृंदावन में सेवा की एक अनूठी मिसाल पेश की गई है। यहाँ परिक्रमा मार्ग स्थित राधा प्रसाद धाम में जन-कल्याण के संकल्प के साथ एक बड़े निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। हरिदासीय पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी राधा प्रसाद देव जू महाराज के पावन सानिध्य में संपन्न हुए इस शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने अपनी सेहत की जांच कराई। इस पुनीत कार्य का उद्देश्य बताते हुए महंत मोहिनी बिहारी शरण महाराज ने कहा कि महाराज श्री के मार्गदर्शन में यह प्रयास किया गया है कि संतों और ब्रजवासियों को उनके निवास के समीप ही बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने "नर सेवा ही नारायण सेवा" के भाव पर जोर देते हुए बताया कि राधा प्रसाद धाम केवल आध्यात्मिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सरोकारों और मानवीय सेवा के कार्यों में भी हमेशा आगे रहता है। शिविर में शहर के प्रतिष्ठित विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने अपनी सेवाएं दीं, जिनमें हृदय रोग, नेत्र रोग, स्त्री रोग और सामान्य चिकित्सा के विशेषज्ञ शामिल रहे। जांच के दौरान मरीजों के लिए ब्लड टेस्ट, शुगर और बीपी की मॉनिटरिंग जैसी सुविधाएं पूरी तरह मुफ्त रखी गईं। साथ ही, डॉक्टरों ने आए हुए लोगों को बेहतर खान-पान और स्वस्थ दिनचर्या अपनाने के लिए भी प्रेरित किया। स्वामी राधा प्रसाद देव जू महाराज के आशीर्वाद से जांच के उपरांत जरूरतमंद मरीजों को संस्थान की ओर से निःशुल्क दवाइयां भी प्रदान की गईं। एक ही स्थान पर विशेषज्ञों की सलाह और मुफ्त औषधियां मिलने से कई बुजुर्गों और असहाय लोगों को बड़ी राहत मिली। पूरे आयोजन के दौरान आश्रम का माहौल सेवा और भक्ति के रंग में डूबा रहा। अंत में महंत मोहिनी बिहारी शरण महाराज ने सभी चिकित्सकों और सेवादारों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे लोक-कल्याणकारी कार्य जारी रखने का संकल्प दोहराया।
Follow Samachar24