प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना की जिला अभिसरण समिति की बैठक आयोजित
Gargachary Times
12 May 2026, 21:32
111 views
Firozabad
प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजनान्तर्गत जिलाधिकारी Santosh Kumar Sharma की अध्यक्षता में गठित जिला अभिसरण समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में द्वितीय चरण में चयनित 25 आदर्श ग्रामों की ग्राम विकास योजना (वीडीपी) को ग्राम अभिसरण समिति से अनुमोदन के उपरांत स्वीकृति हेतु जिला अभिसरण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्राम विकास योजना में प्रस्तावित गैप फिलिंग गतिविधियों के कार्य शुरू कराने से पहले यह सुनिश्चित कर लिया जाए कि संबंधित कार्य पूर्व में किसी अन्य विभाग द्वारा न कराए गए हों। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी तथा परियोजना अधिकारी नेडा को निर्देशित किया कि प्रस्तावित आंगनबाड़ी केंद्र, सामुदायिक शौचालय, पिंक मॉडल शौचालय एवं सोलर स्ट्रीट लाइट आदि निर्माण कार्यों से पूर्व स्थलों का स्वयं निरीक्षण करें।
जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास) एवं जिला प्रबंधक अनुगम फिरोजाबाद को शेष 49 चयनित आदर्श ग्रामों में हाउसहोल्ड सर्वे का कार्य संबंधित खंड विकास अधिकारियों के माध्यम से शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।