Loading...

क्लाइमेट पे चर्चा” पहल की शुरुआत, स्कूलों के ईको क्लब अब करेंगे वास्तविक प्रभाव वाले कार्य

Gargachary Times 13 May 2026, 20:41 97 views
Mathura
क्लाइमेट पे चर्चा” पहल की शुरुआत, स्कूलों के ईको क्लब अब करेंगे वास्तविक प्रभाव वाले कार्य
ललित उपाध्याय संवाददाता मथुरा नगर निगम मथुरा-वृन्दावन एवं प्रोजेक्ट मथुरा द्वारा बुधवार को भूतेश्वर स्थित नगर निगम के नवीन सदन में “क्लाइमेट पे चर्चा” पहल की शुरुआत की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल जागरूकता एवं पोस्टर गतिविधियों तक सीमित न रखते हुए, उन्हें शहर के वास्तविक पर्यावरणीय मुद्दों से जोड़ना तथा ऐसे कार्यों में सहभागिता सुनिश्चित करना रहा, जिनसे धरातल पर सकारात्मक प्रभाव दिखाई दे। कार्यक्रम में नगर आयुक्त जग प्रवेश एवं अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार उपस्थित रहे। नगर आयुक्त ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि यदि हम सभी अपने घर, गली एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने का संकल्प लें और कचरा निर्धारित स्थान एवं नगर निगम की कचरा गाड़ियों में ही डालें, तो मथुरा-वृन्दावन को स्वच्छ एवं सुंदर शहर बनाया जा सकता है। नगर आयुक्त ने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी कचरा न जलाने, नालियों एवं खाली स्थानों पर कचरा न फेंकने तथा स्वच्छता नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से सुझाव भी साझा किए और कहा कि विद्यालयों के ईको क्लब समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की बड़ी शक्ति बन सकते हैं। कार्यक्रम में कई स्कूलों के विद्यार्थियों ने सहभागिता की। प्रोजेक्ट मथुरा वर्ष 2022 से केवल जागरूकता तक सीमित न रहकर स्वच्छता एवं नागरिक सहभागिता के क्षेत्र में लगातार ग्राउंड लेवल पर कार्य कर रहा है। कार्यक्रम की शुरुआत प्रश्न “आप कचरा कहाँ डालते हैं?” से हुई। विद्यार्थियों को बताया गया कि नालियों, सड़कों एवं खाली प्लॉटों में कचरा डालने से शहर गंदा होता है तथा उसे हटाने में टैक्स पेयर्स की धनराशि खर्च होती है। साथ ही नगर निगम की कचरा गाड़ी में ही कचरा डालने, कचरा जलाने से होने वाले प्रदूषण, बीमारियों एवं कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम के अंतर्गत सभी विद्यालयों के ईको क्लबों को ऐसे कार्य दिए गए हैं, जिनसे वास्तविक प्रभाव पड़े। इसके तहत विद्यार्थी अपने क्षेत्रों में कचरा गाड़ी कोऑर्डिनेशन, वेस्ट बर्निंग रोकथाम एवं नागरिक सहभागिता पर कार्य करेंगे। कार्यक्रम में समाज के जागरूक नागरिकों में दीपक गोयल, राजेन्द्र अग्रवाल, मुकेश सिंघल एवं विपिन सिंघल उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रोजेक्ट मथुरा के स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रोजेक्ट मथुरा के संस्थापक सीए विपुल अग्रवाल ने बताया कि अगली बैठक 4 जुलाई को आयोजित होगी, जिसमें सभी विद्यालय अपने कार्यों की प्रगति प्रस्तुत करेंगे। बेहतर कार्य करने वाले विद्यालयों को सम्मानित भी किया जाएगा।
Follow Samachar24