"व्यापारियों को मिले पेंशन और 'टैक्स कलेक्टर' का दर्जा; समागम में गूँजी सामाजिक सुरक्षा की मांग"
Gargachary Times
13 May 2026, 20:42
152 views
Mathura
मथुरा। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल एवं उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के तत्वाधान में आयोजित दो दिवसीय भव्य व्यापारी समागम का बुधवार को ऐतिहासिक समापन हुआ। अधिवेशन के दूसरे दिन 28 प्रांतों से आए व्यापारी प्रतिनिधियों ने एकजुटता का परिचय देते हुए व्यापारिक उत्पीड़न और ऑनलाइन बाजार की चुनौतियों के खिलाफ हुंकार भरी।
समागम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबूलाल गुप्ता ने देश भर से आए व्यापारियों का अभिनंदन किया। उन्होंने तीखे शब्दों में कहा कि ऑनलाइन ट्रेडिंग एक ऐसा 'नासूर' है जो पारंपरिक व्यापारियों को खत्म कर रहा है। उन्होंने इसे देश के साथ धोखा करार दिया। गुप्ता ने इनकम टैक्स की जटिल धाराओं पर प्रहार करते हुए मांग की कि छोटे व्यापारियों को सरल 'एक टैक्स' के दायरे में लाया जाए और बैंकों से बिना किसी अड़चन के आसान ऋण उपलब्ध कराया जाए।
अधिवेशन के दौरान व्यापार मंडल के नेतृत्व में एक व्यापक मांग पत्र प्रस्तुत किया गया। जिसमें मुख्य रूप स व्यापारियों के लिए पेंशन योजना लागू हो और 'व्यापारी राहत कोष' की स्थापना की जाए। पेंशन हेतु जीएसटी का 2% भाग इस कोष में जमा हो। बाजारों में सरकार अपने खर्च पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए और पुलिस गश्त बढ़ाई जाए। जीएसटी लागू होने के बाद मार्केट फीस को पूर्णतः समाप्त किया जाए और व्यापारियों को 'टैक्स कलेक्टर' का दर्जा दिया जाए। ऑनलाइन और ऑफलाइन व्यापार के लिए समान नियम लागू हों। 400 करोड़ से अधिक टर्नओवर वाले समूहों के लिए विशेष नियम बनें ताकि छोटे दुकानदारों का अस्तित्व बचा रहे। एनसीआर में प्रदूषण के नाम पर हो रहे उत्पीड़न को रोका जाए और उद्योगों को गैस रहित जनरेटर पर 1987 की तर्ज पर सब्सिडी मिले।
राष्ट्रीय वरिष्ठ महामंत्री व उत्तर प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा के ऑनलाइन व्यापार के खिलाफ तीखे स्वर सुनाई दिए। ऑनलाइन ट्रेडिंग को व्यापार जगत के लिए 'नासूर' बताते हुए कहा कि यह हमारे स्थानीय व्यापारी भाइयों के अस्तित्व को खत्म कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऑनलाइन व्यापार करने वाली बड़ी कंपनियां एक तरह से देश को धोखा दे रही हैं, जिससे खुदरा बाजार पूरी तरह प्रभावित हो रहा है।
मथुरा कार्यकारिणी के महानगर अध्यक्ष डॉ विशाल खुराना बॉबी भैया ने प्रधानमंत्री की अपील का स्वागत करते हुए सुझाव दिया कि 'सोना न खरीदने' की बात पर सर्राफा व्यापारियों के नुकसान की भरपाई के लिए सरकार को ठोस विकल्प पेश करना चाहिए।
अधिवेशन में मुख्य रूप से व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य सुनील पांडे, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री राजकुमार अग्रवाल मांट वाले , प्रदेश अध्यक्ष श्री मुकुंद मिश्रा, रामकिशन अग्रवाल प्रदेश उपाध्यक्ष, प्रदेश उपाध्यक्ष शिव शंकर वर्मा, प्रदेश मंत्री प्रयागनाथ चतुर्वेदी प्रदेश मंत्री नंदकिशोर गुसाई , जिला अध्यक्ष श्री मुकेश वार्ष्णेय, जिला महामंत्री हरिओम अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष डॉ विशाल खुराना (बॉबी भैया), राजकुमार गोयल नगर महामंत्री,नगर मंत्री राकेश गौड़, नगर उपाध्यक्ष विनोद महाबनियां ,नगर उपाध्यक्ष वी के उपाध्याय, नगर कोषाध्यक्ष बॉबी बृजवानी ,नगर मीडिया प्रभारी विकास खन्ना ,संत मिश्रा प्रदेश महामंत्री युवा , गोवर्धन तहसील अध्यक्ष गणेश पहलवान, फतेह सिंह, मनीष चतुर्वेदी नगर युवा अध्यक्ष , वृंदावन नगर अध्यक्ष धनेंद्र कुमार बॉबी, चेयरमैन मुकुंद मोहन शर्मा कल्लू पहलवान, आदि उपस्थित रहे।