राजीव एकेडमी में उत्साह-उमंग के बीच जूनियर्स ने दी सीनियर्स को विदाई
Gargachary Times
13 May 2026, 20:50
145 views
Eduction
मथुरा। राजीव एकेडमी फॉर टेक्नोलॉजी एण्ड मैनेजमेंट में जूनियर्स ने अपने एमबीए सीनियर्स साथियों के सम्मान में फेयरवेल पार्टी का आयोजन किया। फेयरवेल पार्टी उत्साह और उमंग से सराबोर रही। फेयरवेल पार्टी में एमबीए प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने अपने सीनियर्स के सम्मान में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। गीत, संगीत, नृत्य और मनोरंजक प्रस्तुतियों से पूरा परिसर देर शाम तक तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा। फेयरवेल पार्टी का शुभारम्भ एमबीए विभागाध्यक्ष डॉ. विकास जैन ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
फेयरवेल पार्टी में छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक आकर्षक प्रस्तुतियां सभी का मन मोहा। लगभग तीन घंटे तक चले समारोह में जूनियर विद्यार्थियों ने भावुक भाषणों, गीतों और नृत्य के माध्यम से अपने सीनियर्स के प्रति सम्मान, प्रेम और कृतज्ञता व्यक्त की वहीं विदा ले रहे एमबीए छात्र-छात्राओं ने भी संस्थान में बिताए अपने यादगार पलों और अनुभवों को साझा करते हुए जूनियर्स को सफलता के मंत्र दिए।
सीनियर छात्र-छात्राओं ने संस्थान में मिले पारिवारिक माहौल, शिक्षकों के सहयोग तथा मार्गदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि यहां प्राप्त शिक्षा और अनुभव उनके भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम के अंत में जूनियर छात्र-छात्राओं द्वारा सीनियर्स को स्मृति चिह्न भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
संस्थान के निदेशक डॉ. अमर कुमार सक्सेना ने विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि विदा ले रहे छात्र-छात्राएं संस्थान के ब्रांड एम्बेसडर हैं और उन्हें अपने जीवन में लगन, मेहनत तथा अनुशासन के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने समय के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन में समय का सदुपयोग ही सफलता की कुंजी है। डॉ. सक्सेना ने कहा कि फेयरवेल जैसे आयोजन सीनियर और जूनियर विद्यार्थियों के बीच आत्मीयता और जुड़ाव को मजबूत बनाते हैं तथा संस्थान में सकारात्मक वातावरण का निर्माण करते हैं।
आर.के. एज्यूकेशनल ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. रामकिशोर अग्रवाल, उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल तथा प्रबंध निदेशक मनोज अग्रवाल ने छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार और व्यक्तित्व विकास भी जीवन में सफलता के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। डॉ. रामकिशोर अग्रवाल ने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और संस्थान का नाम रोशन करने का आह्वान किया।