सुमेरपुर संपर्क मार्ग बदहाल, ग्रामीणों ने किया विरोध प्रदर्शन
Gargachary Times
13 May 2026, 20:52
162 views
Mainpuri
मैनपुरी। जनपद के ब्लॉक जागीर क्षेत्र के गांव सुमेरपुर जाने वाले मुख्य संपर्क मार्ग की हालत बेहद जर्जर हो चुकी है। करीब वर्ष 2006 में लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाए गए इस मार्ग की आज तक मरम्मत नहीं कराई गई, जिससे ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार दोपहर सड़क की बदहाली से नाराज ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे और कीचड़ भरा हुआ है, जिससे राहगीरों का निकलना दूभर हो गया है। इसी मार्ग से प्रतिदिन दर्जनों स्कूली बच्चे आवागमन करते हैं। कई बार साइकिल फिसलने से बच्चे चोटिल भी हो चुके हैं। ग्रामीणों ने बताया कि टूटी सड़क पर कीचड़ का अंबार लगा रहने से संक्रामक रोग फैलने की आशंका बनी रहती है। साथ ही रास्ते से गुजरते समय लोगों को भीषण दुर्गंध का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सफाई कर्मियों द्वारा भी कभी इस कीचड़ को हटाने की सुध नहीं ली गई। ग्रामीणों के मुताबिक कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। आक्रोशित ग्रामीणों और स्कूली छात्र-छात्राओं ने जिलाधिकारी से मांग की है कि संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर जल्द सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों को आवागमन में राहत मिल सके।