भगवान परशुराम शोभायात्रा को लेकर विवाद गहराया, ट्रस्ट अध्यक्ष के कथित बयान पर समाज में रोष
Gargachary Times
13 May 2026, 20:53
125 views
Dholpur
भगवान परशुराम चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष पीसी बोहरा द्वारा भगवान परशुराम शोभायात्रा में सहयोग नहीं देने एवं शोभायात्रा नहीं निकालने संबंधी कथित बयान के बाद ब्राह्मण समाज एवं भगवान परशुराम शोभा यात्रा समिति में भारी रोष व्याप्त हो गया है। मामले को लेकर आयोजित बैठक में समिति पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने ट्रस्ट प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी व्यक्त करते हुए विरोध दर्ज कराया।
बैठक में समिति सदस्यों ने आरोप लगाया कि पहले भगवान परशुराम शोभा यात्रा समिति को समाजहित एवं संगठनात्मक मजबूती के नाम पर विभिन्न आश्वासन देकर ट्रस्ट में विलय कराया गया, लेकिन अब ट्रस्ट अध्यक्ष अपने वादों से पीछे हटते दिखाई दे रहे हैं। सदस्यों का कहना था कि भगवान परशुराम जी के नाम पर गठित संस्था द्वारा यदि भगवान परशुराम शोभायात्रा से ही दूरी बनाई जाती है, तो यह पूरे ब्राह्मण समाज की भावनाओं को आहत करने वाला विषय है।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि सोशल मीडिया पर ट्रस्ट अध्यक्ष पीसी बोहरा के कुछ वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें वे कथित रूप से यह कहते सुनाई दे रहे हैं—
“मैं नहीं निकालूंगा परशुराम शोभायात्रा, जो करना है वो कर लो।”
इस कथित बयान के सामने आने के बाद समाज में आक्रोश और बढ़ गया है। समिति सदस्यों ने कहा कि ट्रस्ट के संविधान में सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों के संचालन का स्पष्ट उल्लेख है, ऐसे में भगवान परशुराम शोभायात्रा जैसे धार्मिक आयोजन से पीछे हटना कई गंभीर सवाल खड़े करता है।
बैठक में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि समाज की आस्था एवं वर्षों पुरानी धार्मिक परंपरा किसी एक व्यक्ति विशेष की इच्छा पर निर्भर नहीं हो सकती। भगवान परशुराम शोभायात्रा ब्राह्मण समाज की धार्मिक भावना, संस्कृति एवं एकता का प्रतीक है और इसे हर हाल में जारी रखा जाएगा।
समिति पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही इस मामले में सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो समाज स्तर पर व्यापक आंदोलन एवं आगे की रणनीति बनाई जाएगी।
बैठक का आयोजन भगवान परशुराम शोभायात्रा समिति कार्यालय, गोविंद वाटिका में किया गया। बैठक में समिति अध्यक्ष मुकेश शर्मा सहित रामगोपाल शर्मा, राजेश शर्मा, राजेंद्र शर्मा, प्रशांत तिवारी, नरेंद्र पाराशर, प्रखर मुद्गल, उपेंद्र दीक्षित, सुनील जगरिया, प्रमोद भारद्वाज, नंदकिशोर शुक्ला, हरिशंकर शर्मा, केके शर्मा, राम शर्मा, बनवारी शर्मा, पीयूष शर्मा, देवेश शर्मा, सतीश शर्मा, विनोद तिवारी, कालीचरण, पप्पू, धन सिंह सहित दर्जनों समाजबंधु उपस्थित रहे।