डीएम संतोष कुमार शर्मा ने जनता दर्शन में सुनीं लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
Gargachary Times
13 May 2026, 20:57
101 views
Firozabad
जनपद मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। जनता दर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने भूमि विवाद, पेयजल, विद्युत, सड़क, पेंशन, राशन कार्ड तथा राजस्व संबंधी समस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतकर्ता को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें तथा सभी मामलों में पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित न्याय एवं राहत प्रदान करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
जनता दर्शन के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे तथा कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण भी कराया गया।