Loading...

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही की अध्यक्षता में कृषि स्थाई समिति की बैठक संपन्न

Gargachary Times 13 May 2026, 20:59 111 views
Lucknow
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही की अध्यक्षता में कृषि स्थाई समिति की बैठक संपन्न
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही की अध्यक्षता में विधानसभा समिति कक्ष संख्या-8 में कृषि स्थाई समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक के दौरान समिति के सदस्यों ने पिछली बैठकों में दिए गए सुझावों पर प्रदेश सरकार द्वारा की गई प्रभावी कार्यवाही की सराहना की। सदस्यों ने विशेष रूप से किसानों के कल्याण हेतु संचालित योजनाओं के लिए माननीय मुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री के प्रति आभार प्रकट किया। बैठक के दौरान सदस्यों ने कृषि से संबंधित विभिन्न विषयों पर अपने बहुमूल्य सुझाव साझा किए। चर्चा के मुख्य बिंदुओं में किसानों के उत्पादों की उचित मूल्य पर और सही समय पर खरीद सुनिश्चित करना, आवारा पशुओं से फसलों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करना तथा विभागीय योजनाओं का ग्रामीण स्तर तक व्यापक प्रचार-प्रसार करना शामिल रहा। इसके अतिरिक्त, सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण और बेहतर मृदा स्वास्थ्य के लिए प्राकृतिक खेती को और अधिक प्रोत्साहित करने पर बल दिया। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने स्थाई समिति के सदस्यों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनके द्वारा दिए गए सभी रचनात्मक सुझावों को विभाग की आगामी कार्य योजनाओं में प्रभावी रूप से शामिल किया जाएगा। उन्होंने सदस्यों से आह्वान किया कि वे अपने स्तर पर भी स्थानीय किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित करें। साथ ही, उन्होंने सदस्यों को स्वयं खेती का एक आदर्श मॉडल प्रस्तुत करने का सुझाव दिया ताकि अन्य किसान भी आधुनिक और उन्नत कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित हों। इस अवसर पर कृषि स्थाई समिति के सदस्य रामसूरत राजभर, राजेंद्र सिंह पटेल, केपी श्रीवास्तव, बाबूलाल, सुरेंद्र कुमार कुशवाहा एवं वीरेंद्र सिंह लोधी उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में प्रमुख सचिव कृषि रवींद्र, सचिव कृषि इंद्र विक्रम सिंह, विशेष सचिव कृषि ओपी वर्मा एवं संजीव रंजन, निदेशक कृषि पंकज त्रिपाठी, एमडी बीज निगम टीएम त्रिपाठी, महानिदेशक उपकार संजय सिंह सहित कृषि विभाग के अन्य उच्चाधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।
Follow Samachar24