खाद्य सुरक्षा कानून में सुधार की मांग, व्यापार मंडल ने सौंपा ज्ञापन
Gargachary Times
14 May 2026, 20:45
4 views
Mathura
वृंदावन। नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, वृंदावन द्वारा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम में व्यापारियों और निर्माताओं को आ रही समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग, जांच प्रक्रिया और कार्रवाई में पारदर्शिता लाने की मांग की गई है।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में खाद्य पदार्थों के सैंपल भरते समय केवल रिटेलर को ही जानकारी दी जाती है, जबकि निर्माता को समय पर सूचना नहीं मिल पाती। इससे व्यापारियों और निर्माताओं को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। संगठन ने मांग की कि सैंपल भरने की प्रक्रिया में निर्माता को भी अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि सैंपल जांच रिपोर्ट समय पर उपलब्ध नहीं हो पाती, जिसके कारण व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। व्यापार मंडल ने मांग की कि जांच रिपोर्ट निर्धारित समय सीमा में जारी की जाए और रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई सुनिश्चित हो।
संगठन ने आरोप लगाया कि कई मामलों में मामूली कमियों वाले नमूनों को भी स्वास्थ्य के लिए हानिकारक घोषित कर दिया जाता है, जिससे व्यापारियों की छवि प्रभावित होती है। उन्होंने खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए स्पष्ट मानक तय करने और जांच प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने की मांग की।
व्यापार मंडल ने सरकार से अपील की है कि व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा कानून में आवश्यक सुधार किए जाएं, ताकि व्यापारियों को अनावश्यक उत्पीड़न से राहत मिल सके।
इस अवसर पर नगर उधोग व्यापार प्रतिनिधि मंडल वृन्दावन के अध्यक्ष आलोक बंसल, महामंत्री लक्ष्मीनारायण दीक्षित, संयुक्त महामंत्री आशीष ठाकुर एवं बृजेश गुप्ता बंटी, युवा नगर अध्यक्ष अंकित बाष्णेय, सुजीत बाष्णेय उपस्थित रहे