Loading...

घोड़े की बगी पर बैठकर गले में आलू की माला डाल जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे किसान, अनोखे प्रदर्शन से मचा हड़कंप

Gargachary Times 14 May 2026, 20:49 188 views
Firozabad
घोड़े की बगी पर  बैठकर गले में आलू की माला डाल जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे किसान, अनोखे प्रदर्शन से मचा हड़कंप
फिरोजाबाद में सोमवार को भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी हरनाम सिंह वर्मा के नेतृत्व में किसानों ने ऐसा अनोखा प्रदर्शन किया कि पूरा प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया। किसान घोड़े पर बैठकर और गले में आलू की माला डालकर कीर्तन करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे, जिसे देखने के लिए सड़क किनारे लोगों की भारी भीड़ जुट गई। प्रधानमंत्री की अपील का सम्मान करते हुए किसानों ने पारंपरिक तरीके से प्रदर्शन किया और आलू के गिरते दामों, डीएपी खाद की किल्लत, बिजली संकट एवं सिंचाई व्यवस्था को लेकर जोरदार आवाज उठाई। किसानों ने कहा कि आलू का सही मूल्य न मिलने से किसान आर्थिक बर्बादी की ओर बढ़ रहा है। जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर किसानों ने हनुमान चालीसा का पाठ किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसानों की भारी भीड़ और अनोखे प्रदर्शन को देखकर पुलिस एवं जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। CDO एवं ADM सत्रोहन जी खुद धरना स्थल पर पहुंचे और किसानों से ज्ञापन लिया। बाद में जिलाधिकारी कार्यालय में किसान नेताओं एवं प्रशासन के बीच डीएम स्तर की वार्ता हुई, जिसमें 23 तारीख को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विशेष बैठक बुलाने का निर्णय लिया गया। मंडल अध्यक्ष राजकुमार तोमर ने कहा कि आलू किसान पूरी तरह टूट चुका है। उन्होंने मांग की कि आलू का रेट ₹15000 प्रति यूनिट किया जाए तथा कोल्ड स्टोरेज की मनमानी पर तत्काल रोक लगाई जाए। इस दौरान जिला अध्यक्ष बिन्नी प्रधान, मोहित यादव, उदयवीर, सरपंच अवधेश रावत, लाल सिंह तोमर, प्रेम सिंह सिकरवार, सोबरन सिंह सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।
Follow Samachar24