Loading...

सगाई वाले दिन यमुना में डूबा चार बहनों का इकलौता भाई, घर में शहनाई की जगह पसरा मातम, नहाते समय हुआ हादसा

Gargachary Times 14 May 2026, 21:00 157 views
Mathura
सगाई वाले दिन यमुना में डूबा चार बहनों का इकलौता भाई, घर में शहनाई की जगह पसरा मातम, नहाते समय हुआ हादसा
फरह। बलदेव (मथुरा) बलदेव क्षेत्र के नगला बांस ततरोता गांव में बुधवार को एक घर की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। जिस घर में शाम को सगाई की शहनाई बजनी थी, वहां युवक की लाश पहुंची। यमुना में नहाते समय चार बहनों के इकलौते भाई 19 वर्षीय रविशंकर की डूबकर मौत हो गई। जानकारी के अनुसार रविशंकर पुत्र नामालूम अपने दो दोस्तों गोलू और ठुल्लडी के साथ गांव के पास यमुना किनारे गाय को पानी पिलाने गया था। भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए तीनों दोस्त यमुना में नहाने लगे। इसी दौरान रविशंकर नहाते-नहाते गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव में बहने लगा। दोस्तों ने शोर मचाकर उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि वे उसे बचा नहीं सके। सूचना मिलते ही परिजन और सैकड़ों ग्रामीण यमुना किनारे पहुंच गए। थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गोताखोरों और ग्रामीणों ने करीब दो घंटे तक यमुना में तलाश की। आखिरकार घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर रविशंकर का शव पानी में तैरता मिला। परिजन तुरंत उसे लेकर अस्पताल भागे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सगाई की खुशियां मातम में बदलीं रविशंकर चार बहनों में इकलौता भाई था। बुधवार शाम को उसकी सगाई का कार्यक्रम था। घर में तैयारियां पूरी थीं। रिश्तेदार और मेहमान आने वाले थे। लेकिन सगाई से कुछ घंटे पहले ही घर में रविशंकर की लाश पहुंच गई। पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां-बाप और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बहनें भाई का नाम लेकर बिलख रही थीं। ग्रामीण बोले- बहुत सीधा था रविशंकर एक ग्रामीण ने बताया, "बेचारा बहुत सीधा लड़का था। आज सगाई थी, घर में खुशी का माहौल था। अब मातम छा गया। चार बहनों का इकलौता भाई था। पूरे गांव को उससे बहुत उम्मीदें थीं।" युवक की मौत से पूरे नगला बांस ततरोता गांव में शोक की लहर है। हर आंख नम है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अपील: सावधानी बरतें गर्मी के मौसम में यमुना में नहाने वालों की संख्या बढ़ जाती है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यमुना में नहाते समय सावधानी बरतें। गहरे पानी में जाने से बचें और बच्चों को अकेले नदी किनारे न जाने दें। जरा सी लापरवाही पूरे परिवार की खुशियां छीन सकती है।
Follow Samachar24