सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने हेतु शुरु की गई “हेलमेट बैंक” व्यवस्था की अभिनव पहल
Gargachary Times
16 May 2026, 21:34
103 views
Firozabad
फिरोजाबाद /वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद आदित्य लांग्हे के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद राजेश गुनावत एवं क्षेत्राधिकारी यातायात तेजश त्रिपाठी के कुशल नेतृत्व में प्रभारी यातायात महेश कुमार व यातायात पुलिस टीम द्वारा जनपद में सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुगम/सुदृढ़ बनाए जाने हेतु एक अभिनव पहल के रूप में “हेलमेट बैंक” व्यवस्था प्रारंभ की गई है । आज दिनांक 16-05-2026 को अपर पुलिस अधीक्षक राजेश गुनावत द्वारा जनपद के विभिन्न थाना/चौकी क्षेत्रों में स्थापित हेलमेट बैंकों का विधिवत उद्घाटन किया गया ।
इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने हेतु प्रेरित कर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना है । हेलमेट बैंक के माध्यम से ऐसे दोपहिया वाहन चालक जो बिना हेलमेट यात्रा कर रहे हों, उन्हें आवश्यक विवरण (नाम, पता एवं मोबाइल नंबर) अंकित करने के उपरांत अस्थायी रूप से हेलमेट उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य तक पहुँच सकें । तत्पश्चात वाहन चालक अपना स्वयं का हेलमेट धारण कर, हेलमेट बैंक से प्राप्त हेलमेट वापस करेंगे ।