जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में विकास खण्ड हाथवंत के सांती ग्राम में ग्राम चौपाल का हुआ आयोजन
Gargachary Times
16 May 2026, 21:36
162 views
Firozabad
फिरोजाबाद । जिलाधिकारी संतोष कुमार की अध्यक्षता में विकास खण्ड हाथवंत की ग्राम पंचायत सांती में कार्यक्रम - ‘‘जिला प्रशासन आपके द्वारा‘‘ के मूल उद्देश्यों को धरातल पर उतारने के लिए एक भव्य ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। जिसमें, ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं। जिसके गुणवत्तापूर्ण समाधान हेतु सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
जन समुदाय को सम्बोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि, जिला प्रशासन जनता की सेवा के लिए सदैव समर्पित है। सरकार की योजनाऐं अंतिम पायदान पर खडे़ व्यक्ति तक पहुंच रही हैं, या नही, इसका जमीनी फीडबैक लेने के लिए ग्राम चौपालों का आयोजन किया जा रहा है।
चौपाल में ग्रामीणों द्वारा सबसे अधिक आवास की मांग की गई। इस पर परियोजना निदेशक ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि इस गांव से 48 पात्र लोागों का नाम सर्वे में भेज दिया गया है और शीघ्र ही सभी को योजना का लाभ देकर संतृप्त किया जाएगा। साथ ही, जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि, गांव के जितने भी 70 वर्ष के आयु के बुर्जुग हैं, उनके आयुष्मान कार्ड चौपाल में बनाए जाएं।
चौपाल में ग्रामीणों ने शिकायत की कि, गांव में सफाईकर्मी काफी समय से नही आ रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने कडी नाराजगी व्यक्त करते हुए सफाई कर्मी को सुधार के लिए 15 दिन का समय दिया गया, उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी की यदि, 15 दिन में स्थिति नही सुधरी तो उसे तुरंत निलम्बित कर दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आगाह करते हुए कहा कि जो, कार्य नही करेगा वह मुश्किल में पड जाएगा और उसके खिलाफ कडी से कडी कार्यवाही की जाएगी। प्राथमिक विद्यालय के समय से खुलने पर ग्रामीणों ने सकारात्मक जवाब दिया, जिलाधिकारी ने अपील की कि, जिन बच्चों का अभी तक स्कूल में नामांकन नही हुआ है, उनका दाखिला प्राथमिक विद्यालय में अवश्य कराएं।
जिलाधिकारी ने ‘‘किसान सम्मान निधि‘‘ का लाभ निर्बाध रूप से पाने के लिए ‘‘फार्मर रजिस्ट्री‘‘ कराने को अनिवार्य बताया। उन्होंने कहा कि बिना फार्मर रजिस्ट्री के किसान सम्मान निधि का पैसा नही आएगा। इसलिए, फार्मर रजिस्ट्री आप सब अवश्य कराएं। इसके साथ ही देश के नवनिर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सभी ग्राम वासियों से स्व जनगणना करने की भी अपील की।
चौपाल के दौरान गयाधर सिंह ने मनरेगा मजदूरी के सम्बन्ध में, बैकुंठ देवी ने किसान सम्मान निधि के सम्बन्ध में, सुनीता ने राशन कार्ड के सम्बन्ध में और आरती देवी ने आवास की समस्या से जिलाधिकारी को अवगत कराया, जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि, आवास पेंशन और राशन कार्ड से सम्बन्धित जितने भी मामले आए है उनका त्वरित निस्तारण कराए ताकि, जनता को उनका हक मिले।
जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कहा कि, प्रतिदिन सुबह 10 से 12 जनसुनवाई होती है। इसके अलावा समाधान दिवस और थाना दिवस जैसे मंच उपलब्ध है, जहां, ग्रामीण अपनी समस्याओं को रख सकते है। जिला प्रशासन उनकी हर समस्या का हर सम्भव समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
चौपाल के दौरान पी.डी.आर.डी.ए., बी.एस.ए. एवं डी.सी.मनरेगा सहित समस्त जनपद स्तरीय एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।