Loading...

जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में टूंडला तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस का हुआ आयोजन, जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

Gargachary Times 16 May 2026, 21:37 121 views
Firozabad
जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में टूंडला तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस का हुआ आयोजन, जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
फिरोजाबाद । जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की गरिमामई उपस्थिति में शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप जन सामान्य की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु तहसील टूंडला में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें, जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा फरियादियों की शिकायतों को अत्यंत गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना व प्राप्त शिकायतों का अवलोकन करते हुए सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को कड़ी चेतावनी के साथ-साथ ससमय गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। ज्यादातर, राजस्व, ग्राम्य विकास, स्वास्थ्य, पुलिस-प्रशासन और जन सुविधाओं से संबंधित कुल 151 मामले आए, जिनमें से 21 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया। साथ ही, जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि, समाधान दिवस के दिन लोक कल्याणकारी कैंप लगाई जाए। जिसमें, समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पेंशन विभाग, ग्राम विकास विभाग, का कैंप अवश्य लगना चाहिए, जिससे दूर दराज क्षेत्र से आने वाली जनता को सरकार की योजनाओं को अवगत कराया जा सके और उनकी समस्याओं का तत्काल निस्तारण भी कराया जा सके। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि जनता को सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने पड़े या जायज कामों के लिए भी परेशान होना पड़ा तो, संबंधित पटल सहायक व अधिकारी के खिलाफ दंडात्मक व विभागीय कार्रवाई सीधे अमल में लाई जाएगी। संपूर्ण समाधान दिवस में आंगनबाड़ी केंद्र भूमि विवाद को लेकर ग्राम नगला छैकुर के ग्राम प्रधान संजय कुमार द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग को निर्देशित किया कि गाटा संख्या -303 पर चल रहे अवैध कब्जे को तत्काल मुक्त कराया जाए ताकि आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण कार्य सुचारू रूप से हो सके और ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। अतिक्रमण एवं पैमाईश संबंधी एक मामले में ग्राम मौजा कार्तिक से आई भूमि पैमाइश और पड़ोसियों द्वारा चक मार्ग व खेत दबाने की शिकायतों पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी टूंडला को निर्देशित किया कि, तत्काल क्षेत्रिय लेखपाल और कानूनगो की टीम गठित कर निष्पक्ष पैमाइश कराई जाए। ग्राम नगला महादेव में तालाब की सफाई न होने और गांव में कीचड़ व जल भराव के कारण फैल रहे डेंगू जैसे संक्रामक रोगों की शिकायत पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने व फॉगिंग कराने के सख्त निर्देश दिए। टूंडला स्थित स्टेशन रोड कपड़ा मार्केट में बरसों पुराने सार्वजनिक शौचालय को पुन: बनवाने से रोकने वाले दबंगों के खिलाफ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने प्रभारी निरीक्षक को कानून व्यवस्था बनाए रखने और जनहित के इस कार्य को निर्बाध पूरा करने हेतु निर्देशित किया। स्वर्गीय रवि कुमार बाल्मीकि की पत्नी हंस देवी द्वारा क्षेत्रीय लेखपाल पर उत्तराधिकार प्रमाण पत्र में जांच आख्या रिपोर्ट न लगाने व परेशान करने के आरोप पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की, उन्होंने उप जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि 7 दिवस के भीतर आख्या उपलब्ध कराते हुए, पीड़िता को न्याय दिलाया जाए। इसी तरह ग्राम नगला खरगा निवासी कालीचरण ने जिलाधिकारी के समस्त उपस्थित होकर एक गंभीर शिकायत दर्ज कराई प्रार्थी ने बताया कि, गाटा संख्या 227, 228, 231, 214, 215, 216, 224, 223, 370 आदि का सरकारी बंटवारा न्यायालय द्वारा अंतिम डिग्री जारी होने के बाद r-6 रजिस्टर में दर्ज हो चुका है, इसके बावजूद कंप्यूटर ऑपरेटर द्वारा पिछले 5 महीने से इस टरकाया जा रहा है और आदेश को खतौनी पर अंकित नहीं किया जा रहा है, बार-बार चक्कर काटने के कारण प्रार्थी मजदूरी भी नहीं कर पा रहा है, जिससे उसके परिवार की आर्थिक स्थिति अत्यंत दयनीय हो चुकी है। पीड़ित बुजुर्ग की व्यथा और कंप्यूटर ऑपरेटर की इस घोर लापरवाही को देखते हुए जिलाधिकारी ने तहसीलदार टूंडला को निर्देशित किया कि, इस प्रकरण पर तत्काल नियम अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा 1 घंटे के भीतर इसका पूरी तरह निस्तारण कर, इसकी आख्या उपलब्ध कराए। संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ रामबदन राम, पुलिस क्षेत्राधिकारी एवं जिला वनाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
Follow Samachar24