अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला की मौत,पति ने दी तहरीर
Gargachary Times
16 May 2026, 21:45
145 views
Mainpuri
मैनपुरी/एलाऊ थाना क्षेत्र के ग्राम नगला कांदर निवासी रविन्द्र कुमार ने थाना एलाऊ में तहरीर देकर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को उनकी पत्नी उमा देवी अपने बेटे आदर्श के साथ मैनपुरी बाजार से घर वापस लौट रही थीं।
तहरीर के अनुसार तारापुर भोगांव मार्ग पर ग्राम दिलाखर के पास उनका बेटा पेशाब करने के लिए मोटरसाइकिल सड़क किनारे रोककर खड़ा हुआ था। उमा देवी सड़क किनारे खड़ी थीं, तभी तेज गति और लापरवाही से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पीड़ित पति ने पुलिस से अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस ने मामले की प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।