प्रयागराज में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान का समापन
Gargachary Times
16 May 2026, 21:46
138 views
Prayagraj
प्रयागराज: प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को प्रयागराज के अरैल क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी, यमुनापार द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के जिला प्रशिक्षण वर्ग कार्यक्रम के समापन समारोह को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफल बताते हुए जिलाध्यक्ष, पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को बधाई दी और कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम संगठन की मजबूती का आधार होते हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रशिक्षण महाअभियान पूरे देश में जिला स्तर पर संचालित हो रहा है और कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता कठिन परिस्थितियों में भी मैदान में उतरकर कार्य करता है और यही उसकी सबसे बड़ी पहचान है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की जनता एकजुट होकर राष्ट्रहित में कार्य कर रही है। उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कुछ नेता केवल आलोचना करते हैं, जबकि जनता उनके व्यवहार को गंभीरता से नहीं लेती।
अपने वक्तव्य में उप मुख्यमंत्री ने कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने का उल्लेख करते हुए इसे ऐतिहासिक निर्णय बताया और कहा कि इससे देश की एकता और अखंडता को मजबूती मिली है। उन्होंने पश्चिम बंगाल की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि वहां भी लोकतांत्रिक मूल्यों की स्थापना के लिए भाजपा निरंतर संघर्ष कर रही है।
उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय तथा अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनके विचार और बलिदान ही भारतीय जनता पार्टी की वैचारिक नींव हैं और आज संगठन की मजबूती उन्हीं के आदर्शों का परिणाम है।
कार्यक्रम के उपरांत उप मुख्यमंत्री ने पत्रकार बंधुओं से वार्ता करते हुए संगठन की गतिविधियों एवं आगामी रणनीतियों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल, विधायकगण पियूष रंजन निषाद, राजमणि कोल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।